दिल्ली के बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र के रामनगर इलाके में गुरुवार को पानी की कमी को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। नाराज लोगों ने आम आदमी पार्टी के विधायक इमरान हुसैन के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि इलाके में पानी ठीक से नहीं मिल रहा है।
स्थिति बिगड़ते देख दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात की और भरोसा दिलाया कि अब सभी को बराबर पानी मिलेगा और किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। जल मंत्री ने कहा कि रामनगर, बगिची रघुनाथ और भड़भूजे वाली गली जैसे इलाकों को कई सालों से सरकारी सुविधाओं से दूर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों और मौजूदा विधायक की वजह से इन इलाकों में बराबर विकास नहीं हो पाया, जिससे बहुत से लोग परेशान हैं। उनका कहना था कि सरकार का काम है सभी को बराबर सुविधा देना – न कि किसी जाति, धर्म या राजनीति के आधार पर।
मंत्री ने ये भी बताया कि अब इन इलाकों में पानी की पाइपलाइन, नालों की मरम्मत और अवैध पानी कनेक्शनों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार के समय बहुत से अवैध कनेक्शन दिए गए थे, जिनकी फाइलें मंगाई गई हैं। जो कनेक्शन सही होंगे, उन्हें मंज़ूरी दी जाएगी और जो गलत होंगे, उन पर कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि दिल्ली में तेज़ गर्मी की वजह से कई इलाकों में पानी की समस्या बढ़ गई है।

















