पंजाब में खालिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पंजाब आतंकी साजिश मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकवादी लखबीर सिंह और गैंगस्टर पवित्तर बटाला के प्रमुख सहयोगी जतिंदर सिंह उर्फ जोती के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मोहाली में शुक्रवार को एनआईए की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले जतिंदर सिंह को एनआईए ने पिछले साल 23 दिसंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया था।
एजेंसी ने कहा कि जतिंदर सिंह मध्य प्रदेश से पंजाब के गैंगस्टरों को अवैध रूप से हथियार खरीदकर हमलावरों तक पहुंचाने में शामिल था। वह आतंकवादी लखबीर सिंह के करीबी सहयोगी बटाला के जमीनी गुर्गों को हथियारों पहुंचाने में मदद कर रहा था। बटाला के विदेशी सहयोगी भारत में जतिंदर सिंह के अभियानों का समन्वय कर रहे थे। पंजाब में बटाला के गुर्गों द्वारा बब्बर खालसा इंटरनेशनल की आपराधिक-आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
एनआईए की जांच के दौरान यह भी पाया गया कि जतिंदर सिंह मध्य प्रदेश में एक ज्ञात हथियार आपूर्तिकर्ता बलजीत सिंह उर्फ राणा भाई से अवैध हथियार खरीदता था। बलजीत सिंह को पहले ही एनआईए द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था।
आरोपी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नजर से बचने के लिए वर्चुअल नंबर और एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रहे थे। एनआईए साजिश में लखबीर सिंह के साथ-साथ हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और उसके विदेश स्थित साथियों की भूमिका की जांच कर रही है। एनआईए का मानना है कि यह आतंकी नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा है। इस संगठन के आतंकी पंजाब में अस्थिरता फैलाने और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के उद्देश्य के साथ सक्रिय हैं। एनआईए की यह कार्रवाई पंजाब में आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई मानी जा रही है।
–
















