इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हुई हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। राजा की पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम देने के लिए तीन भाड़े के हत्यारों को इंदौर से शिलांग बुलवाया गया।
लाइव हिंदुस्तान में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, डेढ़ साल पहले राज कुशवाहा सोनम की फैक्ट्री में काम करने आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। इस दौरान जब सोनम की शादी राजा रघुवंशी से तय हुई, तो राज कुशवाहा ने उसे भावनात्मक रूप से इतना अपने वश में कर लिया कि सोनम ने पति को रास्ते से हटाने की बात स्वीकार कर ली।
पूरी हत्या की योजना राज और सोनम ने मिलकर बनाई। इसके तहत सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी के साथ शिलांग घूमने की योजना बनाई और डबल डेकर ब्रिज जाने की तैयारी की। वहीं राज कुशवाह ने सोनम को नया मोबाइल और सिम दिया, जिससे वह तीनों हत्यारों – विक्की, आकाश और आनंद – से लगातार संपर्क में रही।
ये तीनों आरोपी इंदौर से पहले कोलकाता, फिर कामाख्या देवी होते हुए शिलांग पहुंचे।
घटना वाले दिन जब राजा और सोनम डबल डेकर ब्रिज जा रहे थे, तभी तीनों हमलावर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और मौके देखकर राजा पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया।
वहीं अगर राजा रघुवंशी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की बात करें तो, उसके अनुसार- राजा के सिर पर आगे और पीछे दो वार किए गए थे। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव को खाई में फेंक दिया गया। हत्या के लिए जिस हथियार का उपयोग हुआ वह एक नया पेड़ काटने वाला धारदार औजार था, जिसे विशेष रूप से हत्या के लिए खरीदे जाने की आशंका है।
वारदात के बाद आरोपी इंदौर और बीना लौट गए, जबकि इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड राज कुशवाहा वारदात के समय इंदौर में ही रहा, इसके अलावा उसने राजा के अंतिम संस्कार में भाग लिया ताकि शक से बचा जा सके।
इस बीच मीडिया में मामले की खबरें आने लगी, जिसके चलते सभी आरोपी डर और तनाव में थे। जैसे ही पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य सबूत जुटा लिए, गिरफ्तारी शुरू हो गई। रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक इंदौर, यूपी और अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई।
इस दौरान सोनम रघुवंशी की अचानक गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तारी की खबर भी सामने आ गई। सोनम की गिरफ्तारी पर मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सायम ने बताया कि सोनम की गिरफ्तारी तब हुई जब पुलिस बाकी आरोपियों को पकड़ चुकी थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि वह पुलिस के दबाव में सामने आई।
पुलिस के अनुसार, सोनम घटना वाले दिन अपने मोबाइल से लोकेशन लगातार भेज रही थी। जिसका एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह मोबाइल पर बात करती दिखाई दी थी। मेघालय पुलिस सोनम को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस मामले में और भी खुलासे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।












