हरिद्वार । पावन गंगानगरी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वात्सल्य गंगा आश्रय का लोकार्पण किया, इस आश्रय की स्थापना साध्वी ऋत्मभरा जी के द्वारा की गई है। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रही। इस अवसर पर साध्वी ऋत्मभरा ने वात्सल्य आश्रय की योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां जो बालिकाएं आश्रय लेंगी वो सनातन धर्म के प्रचार प्रसार का सेवा कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा जो देश भर में प्रकल्प चलाए जा रहे है वे सब जन सहयोग से चल रहे है। ये सब सनातन के कार्य प्रेम ,सेवा सद्भाव के प्रतीक है। उन्होंने इस कार्य के मार्गदर्शन के लिए अपने गुरू परमानंद जी का आभार प्रकट किया जोकि स्वयं मंचासीन थे और उन्होंने भी इस सनातन कार्य के लिए सभी को आशीर्वाद दिया।
साध्वी ऋत्मभरा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आशीर्वाद देते हुए कहा कि देवभूमि के लिए,सनातन की सेवा के लिए जो भी आप काम कर रहे है उसकी देश भर में प्रशंसा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दीदी मां ऋतंभरा, सनातन की ध्वज वाहिनी है, हमने उनके द्वारा किए गए श्री राम जन्मभूमि के संघर्ष को देखा है। लाखों लोगों ने दीदी मां से प्रेरणा लेकर सनातन के इस आंदोलन में भागेदारी की थी और दीदी मां की भावनात्मक खुशी हम सब ने श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन देखी।
सीएम धामी ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्वकाल में हिंदू तीर्थ स्थलों का पुनर्विकास हो रहा है, काशी, बद्री केदार इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार ऋषिकेश कॉरिडोर पर भी काम चल रहा है, चारधाम यात्रा मार्ग सुगम हो गया है,अब तक 16 लाख तीर्थ यात्री यहां आ चुके है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये सौभाग्य का अवसर है कि कल शाम दिल्ली में जमुना जी की आरती की, आज सुबह हरिद्वार में गंगा में स्नान किया और अब दीदी मां ऋतंभरा जी का और साधु संतों का आशीर्वाद मिल रहा है। कार्यक्रम में आचार्य बाल किशन, रविन्द्र पुरी जी सहित कई महामंडलेश्वर,साधु संत मौजूद रहे।













