हरिद्वार: सनातन तीर्थ नगरी हरिद्वार के गंगा घाटों पर आज आयोजित होने वाले दीप उत्सव को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। जिला प्रशासन ने गैर हिंदू प्रतिबंधित क्षेत्र हरकी पैड़ी पर दीप उत्सव आमंत्रण में जिले के मुस्लिम विधायकों को भी आमंत्रण दिया है। जिसके बाद से श्री गंगा सभा, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित साधु संत, पंडा समाज के लोग भी जिला प्रशासन के खिलाफ हो गए हैं।
दरअसल, उत्तराखंड के रजत जयंती स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले इस उत्सव में गंगा किनारे घाटों में तीन लाख दीप जलाने की योजना है, जिसमें हरिद्वार के नागरिकों को दीप जलाने के लिए आह्वान निमंत्रण गया है। ये कार्यक्रम पहले सामाजिक स्तर पर आयोजित होना था अचानक इसमें जिला प्रशासन भागीदार बन गया और अतिथियों को सूचीबद्ध करते हुए निमंत्रण पत्र प्रेषित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुष्कर सिंह धामी भी रहेंगे, लेकिन साथ ही हरिद्वार जिले के मुस्लिम विधायकों, फुरकान अहमद, काजी निजामुद्दीन और मोहम्मद शहजाद का नाम भी आमंत्रण सूची में प्रकाशित कर दिया गया।
इस निमंत्रण पत्र को देखते ही सबसे पहले श्री गंगा सभा के नितिन गौतम ने अपना विरोध जिला प्रशासन के सम्मुख रखा। उन्होंने कहा कि ऐसा जिला प्रशासन पहली बार देखा जिसे सनातन की और हरिद्वार के गंगा घाटों की मर्यादाओं की जानकारी तक नहीं है। विहिप के संगठन मंत्री अजय जी ने कहा कि हरिद्वार के हर की पैड़ी सहित अन्य घाटों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहा है और ये नियम सौ साल पुराना है, जिसे महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने ब्रिटिश शासकों से एक समझौते के बाद लागू कराया था और ये नगर निगम का बाई लॉज भी है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड: देवभूमि में मुस्लिमों का नया षड्यंत्र, पहले कमरे में नमाज, फिर उसी को बना दो मस्जिद
समाजसेवी अमित शर्मा कहते हैं पूर्व में उत्तराखंड के राज्यपाल रही मार्गेट अल्वा और अजीज कुरैशी को भी गंगा के पवित्र घाटों में नहीं आने दिया गया था। जानकारी के मुताबिक, सनातन समाज की ओर से उठे विरोध के स्वरों ने सोशल मीडिया पर भी अपना स्थान बनाया है और स्थानीय समाचार पत्रों में ये खबर सुर्खियां बनी हुई है। उधर जिला अधिकारी कामेंद्र सिंह का कहना है सभी विधायकों को प्रोटोकॉल के तहत बुलाया गया है और कुछ कार्यक्रम मालवीय घाट पर है। विरोध का समाधान निकाला जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी इस बारे में जानकारी दे दी है और उन्होंने भी इस बारे में जिला प्रशासन का जवाब तलब किया है।
















