कनाडा में गैंगवार, ब्रदर्स कीपर्स ग्रुप से जुड़े हरप्रीत और उसके बेटे की हत्या

कनाडा के एडमॉन्टन शहर में एक सिख व्यक्ति और उसके 11 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई

Published by
राकेश सैन

गैंगस्टर व अपराधियों की अनदेखी करना कनाडा को भारी पड़ने लगा है। वहां गैंगवार में एक सिख व्यक्ति की मौत हो गई और उसका बेटा भी गोलीबारी की चपेट में आ गया। मृतक खुद भी अपराधिक प्रवृति का रहा है और एक गैंग से जुड़ा रहा है। कनाडा के एडमॉन्टन शहर में एक सिख व्यक्ति और उसके 11 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 41 वर्षीय हरप्रीत सिंह उप्पल और बेटे की एक शॉपिंग प्लाजा में गैस स्टेशन के बाहर उस समय गोली मारी गई, जब वे अपने वाहन में थे।

एडमॉन्टन पुलिस ने कहा कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वाहन में सवार एक अन्य लड़का बच गया। पुलिस ने कहा कि उप्पल ब्रदर्स कीपर्स नामक गिरोह का सदस्य था और हत्या का संबंध प्रतिद्वंद्वी यूएन गिरोह से है। वह अक्टूबर 2021 में तब बच गया था, जब एक बंदूकधारी ने कई गोलियां चलाईं। उस समय वह अपने परिवार के साथ पिज्जा की दुकान पर था। पुलिस ने कहा कि उप्पल को खत्म करने के इरादे से पीछा किया गया था।

पुलिस ने कहा, युवा शख्स व उसके बेटे के बारे में, हम अभी तक नहीं जानते कि उन्हें क्यों निशाना बनाया गया। मृतक को अनधिकृत हथियार रखने के आरोप में 2013 में 15 महीने की जेल हुई थी। कोकीन रखने और तस्करी के आरोप में मुकदमे का सामना करना पड़ रहा था। अतीत में, हथियार से हमला करने और अनधिकृत बंदूक रखने का भी आरोप लगाया गया था।

Share

Recent News