जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने राज्य के सैनिकों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत अब सुरक्षा बलों में तैनात जम्मू-कश्मीर के सैनिक के बलिदान होने पर परिवार को पांच लाख के बजाय 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। रक्षा विभाग के अधीन आने वाले सुरक्षा बल के जवान की राज्य में बलिदान होने पर आश्रितों को पहले पांच लाख रुपये की राशि दी जाती थी। लेकिन अब से प्रशासनिक परिषद ने इसे पांच गुना बढ़ाने की मंजूरी देकर 25 लाख कर दिया है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रशासनिक परिषद का यह फैसला 1 फरवरी, 2022 से लागू होगा। इस फैसले से जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य राज्यों में अनुग्रह राशि के मामले में असमानता दूर होगी। बता दें बीते दिनों उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा था कि पहले प्रदेश के बलिदानी परिवार को अपने प्रदेश में बलिदान होने पर पांच लाख रुपए और दूसरे राज्य में बलिदान होने पर चार लाख मिलता था। इसको लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद काफी विचार—विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया।











