|
आवरण कथा/ शिक्षा विशेष – ऐप डेवेलपर
एक स्मार्टफोन कितना भी शानदार और नई टेक्नोलॉजी से युक्त क्यों न हो, जब तक उसमें ताजातरीन ऐप्स न चलते हों, ग्राहक उसे खरीदने में झिझकते हैं। इन ऐप्स के कारण ही स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और इसी के साथ बढ़ रहे हैं, ऐप डेवलपमेंट में करियर बनाने के अवसर। अगर आपको भी स्मार्टफोन के नए ऐप्स के बारे में जानने और उनके तकनीकी पहलुओं को समझने में दिलचस्पी है, तो आप बन सकते हैं बेहतरीन ऐप डेवलपर। एक अनुमान के मुताबिक स्मार्टफोन्स का बाजार मोबाइल ऐप्स के कारण दोगुनी तेजी से बढ़ रहा है। साफ है कि लोग अपनी सुविधा के लिए हर काम में मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं। यही कारण है कि आज फैशन से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक के लिए कई ऐप्स बाजार में अपनी जगह तो बना ही चुके हैं, ऐप डेवलपर्स के लिए भी कामयाबी के नए दरवाजे खुल रहे हैं। अगर आपकी इन मोबाइल ऐप्स के कामों और साफ्टवेयर में दिलचस्पी है तो इस क्षेत्र में शानदार करियर बना सकते हैं।











