|
पश्चिम बंगाल के रायगंज स्थित मातंगिनी कन्या छात्रावास का वार्षिकोत्सव 26 मार्च को संपन्न हुआ। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की उत्तर बंग इकाई इस छात्रावास का संचालन करती है। वार्षिकोत्सव का उद्घाटन कल्याण आश्रम के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लखीराम टुडू और अन्य अतिथियों ने भारत माता और भगवान राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वार्षिकोत्सव को उत्तर दिनाजपुर जिले के सचिव श्री गौरहरि चक्रवर्ती, राज्य (उत्तर बंग) छात्रावास प्रमुख श्री कल्याण बनर्जी सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया। उत्सव में छात्रावास की लड़कियों ने योगासन, सूर्य नमस्कार, गीत और नृत्य के माध्यम से सबका मन मोह लिया। -बासुदेब पाल
दिल्ली में कवयित्री सम्मेलन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित हिंदी भवन में कवयित्री सम्मेलन आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन हिंदी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती शीला झुनझुनवाला ने किया। मुख्य अतिथि थीं हंसराज कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. रमा शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि सवार्ेच्च न्यायालय की अधिवक्ता श्रीमती मोनिका अरोड़ा। अध्यक्षता श्रीमती विनीता बियानी ने की। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं शिक्षाशास्त्री श्रीमती मंजू दीदी को शिक्षा साहित्यश्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के अध्यक्ष श्री महेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि 11 वर्ष से महिला दिवस के अवसर पर यह कवयित्री सम्मेलन हो रहा है। श्रीमती शीला झुनझनवाला ने कहा कि आज समाज एक नहीं, अनेक विसंगतियों के दौर से गुजर रहा है, जिसमें नैतिक मूल्यों में गिरावट हो रही है। ऐसे में हमारी कवयित्री बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। -प्रतिनिधि
लुधियाना में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण
गत दिनों लुधियाना में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ। इसमें लुधियाना महानगर, लुधियाना देहात और खन्ना के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। ये तीनों क्षेत्र लुधियाना विभाग के अंतर्गत आते हैं। इस अवसर पर वर्ष प्रतिपदा का पर्व मनाया गया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रचारक श्री रामेश्वर दास ने कहा कि वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन है।
उन्होंने स्वयंसेवकों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, गुरु गोबिंद सिंह और गुरु तेग बहादुर जी की राष्ट्र के प्रति निष्ठा, सेवा और बलिदान के बारे में भी बताया। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि सभी कम से कम एक घंटा शाखा और एक घंटा समाजहित में लगाएं। -प्रतिनिधि











