| दिंनाक: 09 Jan 2017 18:15:43 |
|
इन दिनों राजधानी दिल्ली में चल रही प्रो रेस्िंलग लीग में रियो ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप के शीर्ष पहलवान अपना कमाल दिखा रहे हैं। यह लीग इस मामले में भव्य है कि इसके सीजन 1 में पिछले साल तीन करोड़ से ज्यादा दर्शक जुड़े थे और 54 मुकाबलों में करीब 150 से ज्यादा अंक बने थे। कई भारतीय पहलवान इस लीग में दुनिया के शीर्ष पहलवानों को शिकस्त देकर कुश्ती प्रेमियों के बीच स्टार का दर्जा हासिल करने में सफल रहे थे।
पहले ही साल में लीग को मिली रिकार्डतोड़ कामयबी से पूरी दुनिया इस लीग को लेकर बहुत रोमांचित है। लीग के लिए दुनिया के कई नामी पहलवानों का नीलामी में न बिक पाना यही जाहिर करता है कि लीग में भाग ले रही सभी छह टीमों के मालिक, उनके कोच और सलाहकार काफी सोच समझकर टीम के लिए रणनीति बनाकर ही पैसा खर्च करते हैं। इस बार जयपुर निंजास, मुम्बई महारथी, यूपी दंगल, एनसीआर पंजाब रॉयल्स, हरियाणा हैमर्स और दिल्ली सुल्तांस की टीमों के बीच मुकाबले चल रहे हैं। मानसेर के हयात रीजेंसी में पिछले दिनों तीन घंटे चली नीलामी प्रक्रिया में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ।
जार्जिया के व्लादीमिर खिनचेंगशिवली और कनाडा की एरिका वीब के रूप में दो ओलंपिक चैंपियनों सहित विश्व चैम्पियनशिप और ओलंपिक के पदक विजेताओं के साथ महाद्वीपीय चैंपियनों की संख्या लीग में 20 तक पहुंच गई है, जो इस लीग को भव्य बनाने के लिए एक बड़ा कदम है। इस लीग में कुल 15 मुकाबले लीग चरण में होंगे जबकि 17,18 जनवरी को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे और इसका बहुप्रतीक्षित फाइनल 19 जनवरी को खेला जाएगा। लीग का संचालन यूनाइटेड वर्ल्ड रेस्िंलग से मान्यता प्राप्त अधिकारी करेंगे जिसमें पिछले दिनों रियो ओलंपिक में बतौर रेफरी जिम्मेदारी संभालने वाले इकलौते भारतीय अशोक कुमार भी शामिल हैं। लीग में भाग ले रहे सभी 54 खिलाडि़यों में पंजाब टीम के व्लादीमिर सबसे महंगे खिलाड़ी (48 लाख) हैं जबकि दिल्ली टीम की मारिया स्टैडनिक और हरियाणा टीम के मैगमद कुर्बानालिऊ दूसरे महंगे खिलाड़ी (47 लाख) हैं।
अच्छी बात यह है कि आज राजधानी दिल्ली के स्कूली छात्र-छात्राएं भी इस खेल में आना चाहते हैं। यह कुश्ती के आने वाले वक्त के लिए शुभ संकेत है।