| दिंनाक: 15 Feb 2016 13:45:53 |
|
जयपुर। सेवा भारती जयपुर महानगर के 40 सेवा प्रकल्पों के सामूहिक वार्षिकोत्सव में सेवा बस्तियों के बालक-बालिकाओं ने अद्भुत प्रतिभा दिखाई। विगत दिनों अंबाबाडी बालिका विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव में एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सेवा बस्तियों के बच्चों ने सबको अचंभित कर दिया। आश्चर्य की बात तो यह है कि ऐसे बच्चे जो कभी विद्यालय नहीं गए, जिनके घर का वातावरण भी प्रतिकूल है और जीवन कष्टप्रद है, उनमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढने की जिजीविषा वार्षिकोत्सव में झलक रही थी। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान के समाज कल्याण मंत्री श्री अरुण चतुर्वेंदी सेवा बस्तियों के बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित थे। उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने के वातावरण के बीच सेवा भारती द्वारा देशभर में चलाए जा रहे हजारों सेवा कायोंर् के जरिए सामाजिक समरसता का कार्य प्रभावी सिद्घ हो रहा है। समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गाप्रसाद ने कहा कि अभाव की पूर्ति का नाम ही सेवा है और यह अभाव पूर्ति का काम सेवा भारती बखूबी कर रही है। सामाजिक विषमता को दूर कर समरसता का संदेश फैलाने का जो बीड़ा सेवा भारती ने उठाया है वह अनुकरणीय है। देशभक्ति और भक्ति से ओतप्रोत गीत, संगीत, नृत्य और नाटिकाओं का अनूठा संगम वार्षिकोत्सव में झलक रहा था। वार्षिकोत्सव में बाल संस्कार केन्द्र, महिला सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र, कंप्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र से जुडे विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भक्ति से ओतप्रोत गीत, संगीत, नृत्य और नाटिकाओं की अनूठी प्रस्तुतियां दीं। शुरू में 400 बच्चों ने सामूहिक रूप से दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, प्रार्थना और सहगीत की प्रस्तुति दी। एक ही स्वर और लय में दी जा रही प्रस्तुति ने दर्शकों के दिल को छू लिया। कार्यक्रम का संचालन हनुमान भाटी ने किया तथा सेवा भारती का प्रतिवेदन कैलाश मित्तल ने रखा। कार्यक्रम के अध्यक्ष पवन गोयल थे। विशिष्ट अतिथि बजरंग लाल खेतान ने प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार दिए। -प्रतिनिधि