| दिंनाक: 29 Dec 2014 14:59:20 |
|
कोलकाता में 20 दिसम्बर को विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत ने घरवापसी के लिए हो रहे कार्यक्रमों पर हंगामा करने वालों से कहा कि वे यदि चाहते हैं कि अन्य मत-पंथों के लोग हिन्दू न बनें तो वे यह भी सुनिश्चित करें कि कोई हिन्दू भी अन्य मत में न ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कभी किसी ने हमारी सम्पत्ति चोरी कर ली है और अब हम उसे वापस ला रहे हैं, तो इसमें किसी कोई दिक्कत क्यों हो रही है? जिन लोगों को घरवापसी से दिक्कत हो रही है, उन्हें मतान्तरण विरोधी कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है, हम अपने देश में हैं और सभी को यह समझ लेना चाहिए कि यह हिन्दू राष्ट्र है। हिन्दू अपनी धरती नहीं छोड़ेगा और पहले हमारे पास से जो जमीन चली गई है उसे वापस लेने का प्रयास किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद् के अन्तरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगडि़या ने कहा कि हिन्दुओं के बिना कोई भी राजनीतिक दल भारत में शासन नहीं कर सकता है। इसके बावजूद कुछ नेता हिन्दुओं का विरोध कर रहे हैं। उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हिन्दू गोवंश को न बेचें और कत्लखानों को बंद कराने में सहयोग करें। उन्होंने विदेशी घुसपैठियों को भी पहचानने पर बल दिया। सम्मेलन में बंगाल भर से बड़ी संख्या में लोग पधारे थे। -प्रतिनिधि