| दिंनाक: 19 Aug 2013 11:30:12 |
|
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हिन्दुओं पर किए गये हमलों और नरसंहार से गुस्साए विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 10 अगस्त 2013 को नई दिल्ली स्थित जम्मू-कश्मीर हाउस का घेराव कर प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि आतंकियों को हिन्दू समाज पर तरह-तरह के प्रहार करने हेतु प्रशासन ने खुली छूट दे रखी है। किश्तवाड़ की घटना तो स्वयं राज्य के गृहमंत्री सज्जाद अहमद किचलू के निर्देशन में हुई और प्रशासन मूकदर्शक बन हिन्दुओं की दुकानें, मकानों को स्वाहा होते देखता रहा। हिन्दुओं की हत्या की गई। ऐसी स्थिति में राज्य को सेना के हवाले करने पर ही वहां हिन्दू सुरक्षित रह सकते हैं। पूरे भारतवर्ष के हिन्दू इस घटना से बेहद क्षुब्ध हैं और पूरी तरह से वहां के हिन्दू समाज के साथ खड़े हैं।
प्रदर्शनकारियों ने नारे लिखी पट्टिकाएं व भगवा झण्डों के साथ पाकिस्तान व जिहादी आतंकियों तथा जम्मू-कश्मीर सरकार के विरोध में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने पानी की बौछार छोड़ी और बल प्रयोग भी किया। इससे बड़ी संख्या में बच्चों व महिलाओं सहित अनेक कार्यकर्ता घायल हुए। प्रतिनिधि