संघर्ष का संकल्प-उत्तर प्रदेश/अजय मित्तल-
|
उत्तर प्रदेश/अजय मित्तल
मेरठ में हिन्दू महापंचायत
गोहत्या तथा 'लव जिहाद' के विरुद्ध
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार के गठन के बाद से हिन्दू समाज के उत्पीड़न, मुस्लिम तुष्टीकरण, गोहत्या, 'लव जिहाद' आदि की लगातार बढ़ती घटनाओं के विरोध में गत 5 सितम्बर को मेरठ में विशाल हिन्दू महापंचायत का आयोजन किया गया। सरधना क्षेत्र के ग्राम मुल्हैडा में आयोजित इस महापंचायत में विभिन्न हिन्दू संगठनों के संयुक्त प्रयास से सैकड़ों गांवों के 25 हजार से अधिक हिन्दुओं ने शामिल होकर अपना आक्रोश जताया। आसपास के अनेक साधु-सन्त भी समारोह में उपस्थित थे। हिन्दू समाज के साम्प्रदायिक आधार पर उत्पीड़न के विरुद्ध आक्रामक रुख अपनाते हुए 'लव जिहादियों' को साफ तौर पर चेतावनी दी कि उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।
मेरठ क्षेत्र में बड़ी संख्या में गोहत्या तथा विरोध करने वाले हिन्दुओं के विरुद्ध ही कानूनी कार्रवाई से आहत हिन्दू समाज को संगठित एवं जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस हिन्दू महापंचायत में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अखिलेश सरकार की मुस्लिमपरस्ती की कड़ी निन्दा की। गाजियाबाद से पधारे संत नरसिंहानन्द सरस्वती ने हिन्दू युवतियों का जीवन बर्बाद करने वाले 'लव जिहादी' को सजा देने वाले हिन्दू युवकों का सम्मान करने की घोषणा की, जिसका सभी ने जयघोष के साथ समर्थन किया। बजरंग दल के प्रान्त संयोजक बलराज सिंह डूंगर ने भी हिन्दू समाज से आत्मरक्षा हेतु संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
सरधना से चुने गए भाजपा विधायक तथा कार्यक्रम संयोजक संगीत सिंह 'सोम' ने कहा कि शान्ति और सौहार्द के वातावरण का निर्माण एकपक्षीय प्रयासों से नहीं होता। हिन्दू समाज के मान-सम्मान और उसके मान बिन्दुओं की गरिमा बनाए रखना सबके हित में है। इससे खिलवाड़ अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मात्र तीन दिन की तैयारी से आयोजित इस ऐतिहासिक महापंचायत को विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री सुदर्शन महाराज, मेरठ के विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, भाजपा नेता व हिन्दू महापंचायत के सह संयोजक पं. सुनील भराला, अखण्ड हिन्दुस्तान मोर्चा की चेतना शर्मा, मनु संस्कृति संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. वरुणवीर, रविन्द्र भड़ाना, सतेन्द्र बजरंगी, बजरंग दल के राजकुमार डूंगर, पूर्व विधायक समरपाल सिंह सहित अनेक नेताओं ने सम्बोधित करते हुए हिन्दू समाज के शौर्य और स्वाभिमान को पुन: जागृत कर राष्ट्रविरोधी तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देने का संकल्प दिलाया। महापंचायत का संचालन बजरंग दल (महानगर) के संयोजक इन्द्रपाल बजरंगी तथा अध्यक्षता बुध सिंह महाशय ने की।










