भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग साइट IRCTC का नया वर्जन आ गया है। इसका मकसद है कि रोज लाखों टिकट बुक करने वाले यात्रियों का काम आसान और तेज हो जाए। अभी यह बीटा वर्जन में लॉन्च हुआ है, यानी अभी इसे आजमा सकते हैं और फीडबैक दे सकते हैं, जिसके आधार पर आगे बदलाव होंगे।
नई वेबसाइट कब लाइव हुई?
IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन 15 जुलाई 2026 को रात 9 बजे से लाइव हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने जयपुर में मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्रों से बात करते हुए कहा था कि 15 जुलाई तक नई साइट लॉन्च कर दी जाएगी।

यात्रियों के लिए मुख्य सुधार
रेलवे ने चार बड़े बदलाव किए हैं:
कैप्चा खत्म: अब लॉगिन या बुकिंग के समय परेशान करने वाला कैप्चा नहीं भरना पड़ेगा। साथ ही अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान बंटाने वाले एलिमेंट्स भी हटा दिए गए हैं।
सभी क्लास की सीटें एक साथ: पहले अलग-अलग क्लास (स्लीपर, थर्ड AC, सेकंड AC आदि) के लिए बार-बार सर्च करना पड़ता था। अब एक ही स्क्रीन पर सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता दिख जाएगी।
फास्टर चेकआउट: बुकिंग के स्टेप्स कम कर दिए गए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया तेज हो गई है।
आसान रिपीट बुकिंग: जो लोग बार-बार यात्रा करते हैं, उनके नाम, उम्र आदि डिटेल्स सेव रहेंगी। अगली बार दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें: उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में फिर हादसा, कंक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत
नई साइट कैसे एक्सेस करें?
इसके लिए नई साइट लॉन्च की गई है। इसे https://www.irctc.co.in/eticket/ पर या पुरानी IRCTC होमपेज पर भी नई बीटा वेबसाइट को एक्सेस किया जा सकता है। बीटा वर्जन लॉन्च करने का मुख्य कारण यात्रियों से फीडबैक लेना है। आप इस्तेमाल करके बताएं कि क्या अच्छा लगा और क्या सुधार की जरूरत है। इसी के आधार पर फाइनल वर्जन तैयार किया जाएगा।
इतनी बड़ी साइट क्यों अपडेट की गई?
IRCTC की साइट 2002 में शुरू हुई थी। अब रोजाना औसतन 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं। इतने बड़े ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरी साइट और बैकएंड सिस्टम को अपग्रेड करना जरूरी हो गया। इसके अलावा रेलवे रेलवे पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड कर रहा है। नया इंजन भी जल्द लॉन्च होगा।
चुनौती क्या थी?
अपग्रेडेशन के दौरान एक मिनट के लिए भी लाइव बुकिंग बंद नहीं की जा सकती थी। इसलिए पुराने सिस्टम के साथ-साथ नया काम करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन अब बीटा वर्जन से फीडबैक लेने और बैकएंड काम पूरा होने के बाद अगले कुछ हफ्तों में नई साइट पूरी तरह तैयार हो जाएगी। तब तक आप बीटा वर्जन आजमा सकते हैं और पुरानी साइट से भी टिकट बुक कर सकते हैं।
फीडबैक कैसे दें?
नई साइट पर लॉगिन करें, बुकिंग ट्राई करें, होमपेज पर फीडबैक ऑप्शन में अपनी राय दें। कोई समस्या हो तो स्क्रीनशॉट के साथ बताएं।











