नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ डाउनिंग स्ट्रीट में एक और छोटे कार्यकाल का अंत हो गया। पिछले कुछ सालों से ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद के छोटे-छोटे कार्यकाल का सिलसिला जारी है। इससे पहले ऋषि सुनक ने भी अपने छोटे से कार्यकाल में इस्तीफा दिया था। अगले प्रधानमंत्री चुने जाने तक स्टार्मर अपने पद पर बन रहेंगे। कहा जा रहा है कि घटते समर्थन और लेबर पार्टी के अंदर नेतृत्व परिवर्तन की तेज मांगों के कारण कीर स्टार्मर ने अपना इस्तीफा दिया है।
2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को भारी बहुमत दिलाने वाले स्टार्मर ने कंजर्वेटिव पार्टी के 14 साल के शासन का अंत किया था। लेबर पार्टी में अब एक बार फिर से नए नेता के चुनाव के लिए दौड़ शुरू हो गई है। कीर ने इस्तीफा देने के बाद दिए भाषण में कहा कि उनके लिए देश पहले है। उन्होंने प्रधानमंत्री बनने को अपने जीवन लिए सबसे गर्व का क्षण बताया और कहा कि वो करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने के लिए राजनीति में आए थे। कीर ने लेबर पार्टी के लीडर पद से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि लेबर पार्टी की कार्यकारी समिति की बैठक होगी और 9 जुलाई से नामांकन होने लगेगा। उन्होंने कहा कि जो कोई भी अगला पीएम बनेगा, उसे उनका पूरा समर्थन रहेगा।
कीर स्टार्मर ने कहा कि अब मेरी पार्टी यह सवाल पूछ रही है कि क्या मैं अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति हूं? मैंने इस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुन लिया है और मैं उस जवाब को सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहे हैं। अगले कुछ हफ्तों में नया लेबर नेता चुने जाने तक वे कार्यवाहक (केयरटेकर) प्रधानमंत्री के रूप में काम करते रहेंगे। पिछले 10 साल में कीर स्टार्मर छठे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने इस्तीफा दिया है।











