
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के स्कूलों को लेकर कुछ बड़े बदलावों की घोषणा की है। सरकार स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही स्कूलों की कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या को भी सीमित करने का प्रस्ताव है। मेलोनी ने रविवार को राजधानी रोम में अपनी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ के युवा संगठन के एक कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी।
मेलोनी के अनुसार, सरकार जल्द ही इस मुद्दे पर कैबिनेट में प्रस्ताव लेकर आएगी। इसमें स्कूलों में बुर्का और नकाब पर रोक लगाने की बात कही गई है। इसके अलावा एक कक्षा में कितने विदेशी छात्र पढ़ सकते हैं, इसकी भी सीमा तय करने की योजना है। हालांकि, अभी यह तय नहीं किया गया है कि एक कक्षा में विदेशी छात्रों की अधिकतम संख्या कितनी होगी।
सरकार के प्रस्ताव में विदेशी छात्रों के माता-पिता को लेकर भी एक अहम नियम शामिल है। अगर किसी विदेशी बच्चे को स्कूल में दूसरे बच्चों के साथ घुलने-मिलने या पढ़ाई में परेशानी होती है, तो उसके माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सीखना जरूरी किया जा सकता है। सरकार का मानना है कि भाषा सीखने से विदेशी परिवारों को इटली के स्कूलों और समाज के साथ जुड़ने में मदद मिलेगी। मेलोनी ने कहा कि जो लोग इटली में रहकर अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उनके लिए देश की भाषा, संस्कृति और नियमों को समझना जरूरी है। हालांकि, यह साफ है कि बुर्का और नकाब पर रोक अभी लागू नहीं हुई है। फिलहाल सरकार इसकी तैयारी कर रही है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव को संसद में पेश किया जाएगा। कानून बनने के लिए संसद से इसे 60 दिनों के अंदर मंजूरी मिलनी जरूरी होगी।