राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत जी लंदन प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने खालसा जत्था ब्रिटिश आइल्स गुरुद्वारे में जाकर मत्था टेका। सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात की। साथ ही सरसंघचालक जी विल्सडेन स्थित स्वामी नारायण मंदिर भी पहुंचे और वहां भी पूजा अर्चना की। इस मौके पर सरसंघचालक जी ने वहां हिन्दू समुदाय के लोगों के साथ भी बातचीत की।


2 सितंबर को पहुंचे लंदन
गौरतलब है कि सरसंघचालक जी कनाडा के दौरे को समाप्त कर 2 सितंबर को लंदन पहुंचे। यहां कार्यक्रम का नेतृत्व और समन्वय यूके स्थित संगठन ‘इंटीग्रल’ ने किया है, जो यूके के भीतर और यूके तथा भारत के बीच संवाद, सहयोग और दीर्घकालिक संबंधों को मजबूत करने के लिए नेताओं और समुदायों को एक साथ लाता है। यूके के 115 से अधिक सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने डॉ. भागवत का स्वागत करने और उनकी यात्रा के दौरान जुड़ाव के व्यापक कार्यक्रम का समर्थन करने में ‘इंटीग्रल’ का साथ दिया है।

लंदन के अपने इस दौरे के दौरान भागवत लंदन में रहने वाली तमाम हस्तियों के साथ चर्चाएं कर रहे हैं। अब वहां भी अमेरिका और कनाडा की ही तर्ज पर “सेलिब्रेशन ऑफ वननेस” विषय के तहत आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आय़ोजन वहां काम कर रहे हिन्दू संगठन इंटीग्रल के द्वारा किया जा रहा है। बता दें कि डॉ भागवत वसुधैव कुटुंबकम की भावना को दुनियाभर में फैलाने के उद्देश्य से विदेश प्रवास पर हैं।
















