भारत में धार्मिक फिल्मों का दर्शकों से हमेशा खास रिश्ता रहा है। भगवान राम, शिव, हनुमान और माता वैष्णोदेवी जैसे देवी-देवताओं पर बनी फिल्मों को लोगों ने खूब पसंद किया है। लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी रहीं, जिन्होंने कम बजट में इतनी बड़ी कमाई की कि उनका रिकॉर्ड वर्षों तक कायम रहा। 1975 में रिलीज हुई ‘जय संतोषी मां’ ऐसी ही फिल्मों में शामिल थी। अब दावा किया जा रहा है कि करीब 51 साल बाद ‘हनुमान अंश’ ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
साल 1975 में ‘जय संतोषी मां’ महज करीब 25 लाख रुपये के बजट में बनाई गई थी। फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों के बीच इसकी ऐसी लोकप्रियता बढ़ी कि सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें लगने लगीं। खासतौर पर महिलाओं में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने करीब 5.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अपने बजट की तुलना में यह कमाई बेहद बड़ी थी। इसी वजह से फिल्म को लंबे समय तक सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में गिना जाता रहा।
‘हनुमान अंश’ की कहानी बिल्कुल अलग
अब 2026 में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने इसी रिकॉर्ड को लेकर सुर्खियां बटोरी हैं। फिल्म को करीब 2 करोड़ रुपये में बनाया गया है और इसकी कहानी नीम करोली बाबा से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म की शुरुआत हालांकि काफी धीमी रही। रिलीज के पहले दिन इसकी कमाई करीब 10 लाख रुपये रही। शुरुआती दो हफ्तों में भी बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला। लेकिन तीसरे और चौथे सप्ताह में फिल्म की कमाई अचानक बढ़ने लगी। चौथे रविवार को फिल्म ने कथित तौर पर 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार चर्चा में बनी हुई है। अब तक इसका कलेक्शन 54 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। फिल्म के बजट और अब तक की कमाई को देखते हुए दावा किया जा रहा है कि ‘हनुमान अंश’ करीब 2435 फीसदी प्रॉफिट के साथ ‘जय संतोषी मां’ से आगे निकल गई है। खास बात यह है कि फिल्म को बड़े बजट का प्रमोशन भी नहीं मिला। बताया जाता है कि मेकर्स ने प्रचार के लिए भंडारे तक का सहारा लिया। अब फिल्म से जुड़े जानकारों की नजर इसके आगे के कलेक्शन पर है।














