कौशांबी जनपद में अवैध पटाखा फैक्ट्री के गोदाम पर बुलडोजर चला कर उसको ध्वस्त कर दिया गया है। फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कौशांबी जनपद के पिपरी थाना प्रभारी को हटा करके पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इसके साथ ही चौकी प्रभारी एवं पूर्व चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है। जिला प्रशासन अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री संचालक आदिल समेत 6 पर एफआईआर दर्ज की गई । पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में नौशाद, शकील, शबाना, कहकशा बानो, आदिल और शाइना को एफआईआर में नामजद किया गया। सीएम योगी ने मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार दिए जाएंगे। सीएम योगी ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएम ने घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सोमवार की सुबह कौशांबी जनपद के मनौरी क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया था। धमाका इतना जबरदस्त था कि आस पास इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल थे।
















