दिल्ली: कश्मीरी गेट इलाके में एक स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। आरोप बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर लगा है। दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 अगस्त की रात की है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि वह किसी बात को लेकर अपने परिवार से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाना चाहती थी।
रास्ता भटकने के बाद बस में बैठी छात्रा
रास्ते में भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंच गई। यहां वह रास्ता भटक गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजर रही थी। छात्रा ने बस को रोकने का इशारा किया। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। छात्रा को लगा कि वह सुरक्षित अपने रिश्तेदार के पास पहुंच जाएगी। लेकिन बस चलने के कुछ देर बाद कथित तौर पर उसके साथ गलत व्यवहार शुरू हो गया।
ड्राइवर और कंडक्टर पर गंभीर आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि बस में बैठने के बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर दोनों पर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप है। विरोध करने पर छात्रा को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि दोनों ने बाद में छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। घटना के बाद छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बस के ड्राइवर कुलदीप तथा कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में ले लिया है। बस की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूत भी जुटा रही है।

















