
कनॉट प्लेस से गुजरती संस्कृत शोभायात्रा
नई दिल्ली। देववाणी संस्कृत के प्रचार-प्रसार, संरक्षण एवं संवर्धन तथा भारतीय ज्ञान-परंपरा के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से संस्कृत सप्ताह महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ रविवार को राजधानी दिल्ली में संस्कृत शोभायात्रा के साथ हुआ। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, दिल्ली सरकार, दिल्ली संस्कृत अकादमी तथा संस्कृत भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में सैकड़ों संस्कृतप्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्वानों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्कृत भारती के केंद्रीय कार्यालय ‘प्रणवः’ से अपराह्न 3 बजे शोभायात्रा रवाना हुई। कनॉट प्लेस और राजीव चौक की ओर बढ़ते हुए प्रतिभागियों ने ‘जयतु जयतु संस्कृत भाषा’, ‘अस्माकं भाषा संस्कृत’ सहित अनेक संस्कृत नारों का उद्घोष किया। इससे राजधानी का वातावरण संस्कृतमय हो उठा। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल विद्यार्थियों और संस्कृतप्रेमियों ने भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत की गौरवशाली परंपरा का संदेश दिया।
शोभायात्रा में संस्कृत गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। प्रतिभागियों ने ‘अवनितलं मनसा सततं स्मरणीयम्’, ‘कालिदासो जने जने, कण्ठे कण्ठे संस्कृतम्’ सहित अनेक गीतों की सामूहिक प्रस्तुति दी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
शोभायात्रा कनॉट प्लेस स्थित राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-6 पर पहुंची, जहां सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में विशेष सभा आयोजित हुई। वक्ताओं ने संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन तथा आधुनिक समाज में इसकी उपयोगिता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारत की समृद्ध ज्ञान-विज्ञान, दर्शन, साहित्य और सांस्कृतिक परंपरा की जीवंत वाहक है। संस्कृत सप्ताह महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने तथा समाज में इसके प्रति गौरव और आत्मीयता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सभा के दौरान संस्कृत गीतो पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों प्रस्तुत की । इसके बाद शोभायात्रा पुनः ‘प्रणवः’ केंद्रीय कार्यालय पहुंची, जहां पर शोभायात्रा का समापन हुआ।
इस अवसर पर दिल्ली प्रान्त अध्यक्ष डॉ. वागीश, अखिल भारतीय कार्यालय प्रमुख अभिजीत, क्षेत्र अभिलेखागार प्रमुख विजय, संस्कृत सप्ताह महोत्सव प्रमुख दिव्यरंजन, दिल्ली संस्कृत अकादमी के परियोजना अधिकारी राजेश कुमार, दिल्ली प्रान्त मंत्री प्रो. रणजीत बेहरा, सह प्रान्त मंत्री आशुतोष, दिल्ली प्रान्त संगठन मंत्री लविश, शोभायात्रा संयोजक अमित कुमार मिश्रा, प्रचार विभाग सह प्रमुख डॉ. नरेन्द्र दोतोलिया, रामगोपाल फगोदिया, मनीष, देवेन्द्र, विनोद कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं संस्कृतप्रेमी उपस्थित रहे।