दिल्ली

मकान खाली नहीं करने के आरोप में आप नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

जैतपुर वार्ड से आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद हेमा श्रीचंद वोहरा के पति और आप नेता श्रीचंद वोहरा के खिलाफ कालिंदी कुंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

Published by
Mahak Singh

दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में एक मकान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। जैतपुर वार्ड से आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद हेमा श्रीचंद वोहरा के पति और आप नेता श्रीचंद वोहरा के खिलाफ कालिंदी कुंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने उन पर मकान के ग्राउंड फ्लोर को खाली नहीं करने, सामान हटाने और विरोध करने पर धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मकान खाली कराने पर धमकी का आरोप

शिकायतकर्ता राकेश कुमार के मुताबिक, जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-दो में उनका मकान है। आरोप है कि मकान का ग्राउंड फ्लोर उन्होंने श्रीचंद वोहरा को कुछ समय के लिए अस्थायी इस्तेमाल के लिए दिया था। राकेश कुमार का कहना है कि जब उन्होंने मकान खाली करने के लिए कहा तो कई बार आग्रह करने के बावजूद मकान खाली नहीं किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मकान खाली करने के लिए कहने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही, झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस विवाद के कारण वह काफी परेशान हैं। बताया गया है कि राकेश कुमार का नाला रोड पर मकान नंबर ए-835ए/10 भी है। आरोप के मुताबिक, इस मकान का भूतल भी श्रीचंद वोहरा को अस्थायी उपयोग के लिए दिया गया था। बाद में मकान खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद मकान खाली नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता ने पहली मंजिल पर रखे अपने सामान को बिना अनुमति हटाए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और संबंधित लोगों से जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद बीएनएस की धारा 329(4) और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Recent News