नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर संसद के भीतर और बाहर असत्य व भ्रम फैलाकर देश का माहौल खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है. भाजपा ने स्पष्ट किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने का राहुल गांधी का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और काल्पनिक है.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी के उस बयान को सिरे से खारिज किया, जिसमें उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के आदेश पर प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग का आरोप लगाया था.
“मजिस्ट्रेट लेते हैं कानून-व्यवस्था के फैसले, गृहमंत्री नहीं” — संबित पात्रा
सांसद संबित पात्रा ने कहा कि अगर सदन के पटल पर कोई गंभीर आरोप लगाया जाता है, तो नियम अनुसार उसके समर्थन में साक्ष्य और तथ्य भी प्रस्तुत करने पड़ते हैं. राहुल गांधी ने बिना किसी प्रमाण के देश के गृहमंत्री पर आरोप मढ़ दिया.
“छात्रों पर कोई गोली नहीं चलाई गई है। राहुल गांधी का यह दावा पूरी तरह झूठ है कि गृहमंत्री अमित शाह ने ऐसा कोई आदेश दिया। ऐसी परिस्थितियों में मौके पर कानून-व्यवस्था का निर्णय संबंधित मजिस्ट्रेट लेते हैं, देश के गृहमंत्री नहीं। राहुल गांधी को प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए।” – डॉ. संबित पात्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता, BJP
पात्रा ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि देश के गृहमंत्री की तमाम गतिविधियां सार्वजनिक रहती हैं, वे विपक्ष के नेताओं की तरह चोरी-छिपे विदेश यात्राओं पर नहीं जाते.
‘लोक परीक्षा संशोधन विधेयक’ पर चर्चा से भागने का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने संसद में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक’ पर हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए बताया कि जब केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सदन में राहुल गांधी के सभी सवालों का बिंदुवार जवाब देने के लिए तैयार थे, तब विपक्ष ने जानबूझकर हंगामा खड़ा किया और सदन का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया.
छात्रों और ‘Gen-Z’ पर पात्रा के मुख्य हमले:
- छात्रों का अपमान: पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने का काम किया है. भारत का कोई भी छात्र ‘अंधभक्त’ या ‘इडियट’ नहीं है.
- समानता का भाव: भाजपा देश के हर छात्र को समान मानती है और सभी की प्रतिभा का सम्मान करती है.
- ‘Gen-Z’ बनाम ‘Generation Gandhi’: संबित पात्रा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “राहुल गांधी को देश की ‘जनरेशन-जी’ (Gen-Z) के भविष्य की कोई चिंता नहीं है, उन्हें केवल अपनी ‘जनरेशन गांधी’ की चिंता सता रही है.”
संबित पात्रा ने मांग की कि राहुल गांधी को अपनी गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी के लिए देश और संसद के सामने मांफी मंगनी चाहिए चाहिए और तथ्यों के आधार पर बात रखनी चाहिए.











