
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च में कुछ लोगों ने विवादित और भड़काऊ बयान देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित संसद मार्च के दौरान कुछ ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ प्रदर्शनकारी बेहद भड़काऊ और विवादित बयान देते दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने दिल्ली पुलिस से इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और यह कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वायरल हो रहे एक वीडियो में सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक कथित तौर पर संसद भवन को नुकसान पहुंचाने और सरकार के खिलाफ उग्र कदम उठाने जैसी बातें करता दिखाई देता है। वीडियो में वह कहता है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो संसद भवन को “उखाड़ दिया जाएगा” और देश का हाल नेपाल जैसा कर दिया जाएगा। इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक अन्य वीडियो में जंतर-मंतर पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाते हुए नजर आते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो संसद मार्च शुरू होने से पहले का है। सोशल मीडिया पर इन वीडियो को साझा करते हुए कई यूजर्स ने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा और नारेबाजी कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती है।
वायरल वीडियो में एक प्रदर्शनकारी मीडिया से बातचीत के दौरान कहता है कि उन्हें सिर्फ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी इस्तीफा चाहिए। वह यह भी दावा करता है कि तय तारीख को लाखों युवा संसद के बाहर पहुंचेंगे और सरकार को चुनौती देंगे। वीडियो में वह तोड़फोड़ जैसी बातें भी करता सुनाई देता है। हालांकि, इस वीडियो के बारे में भी कहा जा रहा है कि यह संसद मार्च से पहले रिकॉर्ड किया गया था।