नई दिल्ली: ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में हिंदू मंदिर परिसर को मुस्लिम संगठन को बेचा गया। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भारत हिंदू समाज (BHS) मंदिर के अस्तित्व की लड़ाई हाईकोर्ट में लड़ रहा है।मंदिर की जमीन को इस्लामी संगठन यूनाइटेड किंगडम इस्लामिक मिशन (UKIM) को बेचा गया है। यह संगठन वहां मस्जिद बनाना चाहता है।
पीटरबरो में पहले से हैं 10 मस्जिद
ब्रिटेन के पीटरबरो में पहले से ही 10 मस्जिद हैं। जिस जगह यह मंदिर है वहां हिंदू आबादी बेहद कम है। यही कारण है कि सोशल मीडिया से लेकर पीटरबरो का हिंदू समाज कह रहा है कि उनको दबाया जा रहा है। जहां काउंसिल की बैरिस्टर कैथरीन रोलैंड्स कह रही है कि यह पूरी नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और कानूनी रूप से सही थी। वहीं, भारत हिंदू समाज के वकील टोबी फिशर का कहना है कि काउंसिल के अधिकारियों की सोच में गंभीर खामियां हैं।
UKIM के पास ब्रिटेन में पहले से ही 40 इस्लामिक केंद्र
भारत हिंदू समाज के वकील टोबी फिशर कहते हैं कि हिंदू समाज के पास इस इलाके में मंदिर का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। जबकि मस्जिद से जुड़े संगठन UKIM के पास पूरे ब्रिटेन में पहले से ही 40 से ज्यादा केंद्र और 60 शाखाएं मौजूद हैं। पीटरबरो के हिंदू समाज का भविष्य अब हाईकोर्ट के फैसले पर टिका है।
पीटरबरो में हिंदू आबादी सिर्फ 1.8 फीसदी
2021 की जनगणना के अनुसार, पीटरबरो में मुस्लिम आबादी 12.2% है जबकि हिंदू आबादी महज 1.8% है। भारत हिंदू समाज ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। संगठन का कहना है कि यह परिसर 1986 से मंदिर है। 35 मील के दायरे में यह हिंदू समुदाय का इकलौता मंदिर है। साल 1972 में जब युगांडा के तानाशाह ईदी अमीन ने एशियाई मूल के लोगों को देश से बाहर निकाला था उस समय वहां से भागे हिंदू परिवारों ने 1986 में इस मंदिर की स्थापना की थी।











