हैदराबाद। भारतीय मजदूर संघ द्वारा हैदराबाद में ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह आयोजन श्रमिकों से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श और साझा दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इन महत्वपूर्ण विषयों पर होगी विस्तृत चर्चा
सम्मेलन में सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, पुनः कौशल (Reskilling), उन्नत कौशल (Upskilling), महिलाओं की कार्यस्थल में भागीदारी तथा भविष्य के कार्य (Future of Work) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
संयुक्त घोषणा-पत्र किया जाएगा जारी
विभिन्न देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव, सुझाव और विचार साझा करेंगे। विचार-विमर्श के उपरांत एक संयुक्त घोषणा-पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें श्रमिकों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार, तकनीकी परिवर्तन को मानव-केंद्रित बनाने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा महिलाओं की समान और गरिमापूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए साझा संकल्प व्यक्त किए जाएंगे।
‘राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिक हित’ के समन्वित दृष्टिकोण को मिलेगा बल
भारतीय मजदूर संघ का यह प्रयास “राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिक हित” के समन्वित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने वाला है। यह सम्मेलन वैश्विक श्रमिक एकता को सशक्त करने तथा भविष्य की चुनौतियों के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।











