मध्य प्रदेश

Weather Update: MP में मानसून का कहर, बिजली गिरने से 3 की मौत, बैतूल में परिवार के 4 लोग झुलसे

मध्य प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होते ही प्रदेशभर में आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। जिसके चलते बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

Published by
एजेंसी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होते ही प्रदेशभर में आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। जिसके चलते बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, सोमवार रात तेज बहाव में बाइक समेत बहे दो ग्रामीणों के शव भी मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली काल बनकर टूटी। हरदा जिले में खेत पर काम कर रहे 32 वर्षीय किसान प्रदीप राठौर की बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, खरगोन जिले से भी ऐसी ही दुखद खबर आई, जहां वज्रपात के कारण 30 वर्षीय राधेश्याम और 30 वर्षीय गृहिणी केनू ने अपनी जान गंवा दी। इसके अलावा बैतूल जिले के चुना गोसाई गांव में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जहां बिजली गिरने से सुखदेव यादव, उनकी पत्नी गीताबाई, बेटी संध्या और बेटा नैतिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाइक सहित बहे दो युवक, देवास में टला हादसा
भारी बारिश के कारण बैतूल के चिचोली क्षेत्र में चंपा नदी इस समय पूरे उफान पर है। यहां सोमवार रात उफनते रपटे (पुलिया) को पार करने की कोशिश में सिप्लाई निवासी राजेश बिहारे और दद्दू धुर्वे अपनी मोटरसाइकिल सहित पानी के तेज बहाव में बह गए। बुधवार सुबह रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में दोनों के शव बरामद हुए। उधर, देवास जिले में भी तेज बारिश के दौरान एक डरावना मंजर देखने को मिला, जहां दो लड़कियां स्कूटी सहित अचानक बेकाबू होकर नाले में गिर गईं, हालांकि वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

शहरों में जलभराव: डूबे घर और दुकानें
मूसलाधार बारिश ने प्रदेश की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सीहोर के इछावर, डिंडोरी नगर पालिका के वार्ड-8 और मैहर जिले के अमरपाटन में घुटनों तक पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे भारी नुकसान की खबर है। सीहोर के इछावर में प्रशासन की लापरवाही के विरोध में कांग्रेस पार्षद जुनेद खान पानी के बीच ट्यूब पर बैठकर अनोखे प्रदर्शन पर उतर आए। इसके अलावा, सतना और मैहर की मुख्य सड़कों पर भी भारी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

छिंदवाड़ा-सिवनी सहित 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, बुधवार को मानसून की गतिविधि और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 24 घंटों के भीतर 4 इंच तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, जबलपुर और रीवा संभाग सहित प्रदेश के कुल 50 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग और मालवा के कुछ हिस्सों में फिलहाल हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।

Share

Recent News