गर्मियों में हरा धनिया जल्दी मुरझा जाता है और कुछ ही दिनों में खराब होने लगता है। तेज धूप, गर्म हवा और नमी की कमी के कारण इसे लंबे समय तक फ्रेश रखना मुश्किल हो जाता है। लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप धनिये को कई दिनों तक हरा-भरा और ताजा रख सकते हैं। आइए जानते हैं 5 असरदार तरीके-
- धनिये को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए सबसे आसान तरीका है इसे पानी में रखना। इसके लिए धनिये की जड़ों को अच्छे से धो लें और एक गिलास या बर्तन में थोड़ा पानी भरकर उसमें धनिया रख दें। ऊपर से हल्का सा प्लास्टिक बैग ढक दें और फ्रिज में रखें। हर 2 दिन में पानी बदलते रहें।
- धनिये को एक साफ और हल्के गीले सूती कपड़े में लपेटकर फ्रिज में रखने से यह जल्दी खराब नहीं होता। कपड़ा न ज्यादा गीला हो और न ही सूखा, बस हल्की नमी होनी चाहिए। इससे धनिया लंबे समय तक हरा रहता है।
- धनिये को धोकर अच्छी तरह सुखा लें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रख दें। अगर आप चाहें तो उसमें एक टिशू पेपर भी डाल सकते हैं ताकि अतिरिक्त नमी सोख ली जाए। यह तरीका भी धनिये को फ्रेश रखने में काफी मदद करता है।
- अगर धनिये में जड़ें लगी हों तो उसे कभी भी न काटें। जड़ों सहित धनिया ज्यादा समय तक ताजा रहता है। इसे हल्के पानी में रखकर फ्रिज में रखने से इसकी उम्र बढ़ जाती है।
- अगर आपको धनिया लंबे समय तक स्टोर करना है तो इसे बारीक काटकर आइस ट्रे में डालें और ऊपर से थोड़ा पानी या तेल डालकर फ्रीज कर दें। जरूरत पड़ने पर आप आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। इन आसान घरेलू उपायों की मदद से आप गर्मियों में भी हरा धनिया लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं। इससे न सिर्फ आपका खाना स्वादिष्ट बनेगा बल्कि बार-बार बाजार जाने की झंझट भी कम होगी।











