नई दिल्ली/कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि सूबे में 4 मई को BJP सरकार बनाने जा रही है। आज पश्चिम बंगाल में पहले फेज की वोटिंग हो रही है। तमिलनाडु में भी मतदान चल रहा है। मैं सभी मतदाताओं को शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही निवेदन करता हूं कि इस बार मतदान के नए रिकॉर्ड बनाएं।
उन्होंने कहा कि पिछले 50 साल में यह पहला चुनाव ऐसा है, जिसमें हिंसा कम से कम हुई है। वरना हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटका देते थे और बोल देते थे कि आत्महत्या कर ली। एक प्रकार से गुंडाराज चलता था। मैं चुनाव आयोग का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने फिर से एक बार बंगाल की धरती पर लोकतंत्र की प्रतिष्ठा की है। पीएम मोदी ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान कराने में चुनाव आयोग की ये सफलता बहुत बड़ी सिद्धि है। सरकारी कर्मचारियों का भी अभिनंदन करता हूं कि वे भी इस बार शांतिपूर्ण मतदान में बहुत जिम्मेदारी पूर्वक अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है।बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं, गांव-गांव, गली-गली, स्त्री-पुरुष, युवा-बुजुर्ग सब बोल रहे हैं। पलटनो दरकार चाही बीजेपी सरकार (पुरानी सरकार को जाना चाहिए, बीजेपी सरकार बनना चाहिए)। उन्होंने कहा कि भाजपा-NDA की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भी BJP की विजय का जश्न भी होगा और मिठाई भी बंटेगी और झालमुरी भी बांटी जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है, झालमुड़ी मैंने खाई… लेकिन झाल TMC को लगी है।












