दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया है और सुबह-सुबह ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। दो दिन पहले तक तेज गर्मी झेल रहे दिल्ली-एनसीआर को बादलों ने घेर लिया है। दिल्ली में मौसम विभाग ने बुधवार को मौसम के अधिक खराब रहने की येलो चेतावनी जारी की है। विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत NCR के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई है।
कई इलाकों में सुबह-सुबह हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दोपहर में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने नोएडा में भी बारिश की संभावना जताई। दिल्ली-एनसीआर में फरवरी महीने में चटख धूप से तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी लेकिन फिर अब अचानक से मौसम बदल गया है।दिल्ली कैंट, एयरपोर्ट, धौला कुआं, उत्तम नगर, विकासपुरी, जनकपुरी, द्वारका सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 19 से 23 फरवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 से 32 और न्यूनतम 12 से 16 डिग्री तक रह सकता है। इस समय पहाड़ी क्षेत्रों पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। वहीं पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर के आसपास निचले स्तर की हवाओं की दिशा पहले ही बदल चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 फरवरी को सुबह, दोपहर और शाम के समय बारिश हो सकती है। इसके बाद 19 फरवरी को मौसम साफ रहेगा।

















