गंगा तीर्थनगरी के पावन स्थल हर की पौड़ी पर आगामी 25 जनवरी को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह की श्रृंखला में ये भव्य आयोजन पहली बार हर की पैड़ी पर आयोजित किया जा रहा हैं। मां गंगा हिंदू सम्मेलन समिति एवं श्री गंगा सभा के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रही हैं।
गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि यह सम्मेलन दोपहर 2 बजे, हर की पौड़ी स्थित संजय पुल के समीप मां गंगा की पावन धरा पर आयोजित किया जाएगा, जहां हिंदुत्व जागरण और हिंदू समाज को एकजुट करने का संदेश दिया जाएगा। नितिन गौतम ने वर्तमान कालखंड को सनातन और हिंदू समाज के लिए स्वर्णिम युग बताते हुए कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण इस पीढ़ी का सौभाग्य है।
इसी चेतना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरिद्वार में इस विशाल सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में हरिद्वार सहित उत्तराखंड और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में सनातनी, संत, धर्मप्रेमी और प्रबुद्ध जन शामिल होंगे। गंगा सभा का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से हिंदुत्व की चेतना को जन-जन तक पहुंचाना और मां गंगा की धरती से विश्व को एक सशक्त संदेश देना है।

















