स्विट्जरलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल क्रांस-मोंटाना में नए साल का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक लोकप्रिय बार में अचानक हुए विस्फोट और आग ने कई जिंदगियां छीन लीं। हादसे में 40 लोगों की मौत और 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब लोग जश्न मनाने के लिए बार में जमा थे।
जानकारी के अनुसार, ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) नाम के बार में एक या एक से अधिक धमाके हुए, जिसके बाद वहां तेजी से आग फैल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं और आग की चपेट में आ गया।
वालेस कैंटन पुलिस ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस प्रवक्ता गेटन लाथियन ने बताया कि फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल आतंकी घटना से इंकार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में एंबुलेंस तैनात की गईं और गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर फाइटर्स को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0848 112 117 जारी किया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़ी अधिक जानकारी देने के लिए सुबह 10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक क्रांस-मोंटाना पहुंचे थे। ऐसे में यह हादसा पूरे इलाके के लिए गहरे सदमे जैसा है। फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और घटना के समय बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल ।











