पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने भारत को घाव देने वाले बाबर के नाम पर बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी। नफरत की राजनीति के बीच अब धमकी का दौर भी शुरू हो गया है। मस्जिद बनाने से रोकने पर सिर कलम करने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक मुस्लिम शख्स मस्जिद बनाने का विरोध करने वालों को खुलेआम धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। भीड़ में वह आदमी जोर-जोर से हुमायूं कबीर जिंदाबाद के नारे लगाते हुए कहता है, “अगर कोई हमें बाबरी मस्जिद बनाने से रोकने की कोशिश करेगा, तो हम उनके सिर काट देंगे और उसके साथ फुटबॉल खेलेंगे।”
बीजेपी ने ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने शनिवार को यह वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार को आड़े हाथों लिया। मालवीय ने कहा कि यह खुली धमकी साबित करती है कि राज्य में लॉ एंड ऑर्डर फेल हो रहा है और दावा किया कि बंगाल को सुनियोजित तरीके से इस्लामिक स्टेट में बदला जा रहा है।
ममता के बंगाल में दिनदहाड़े हिंदुओं का सिर कलम करने की धमकी
अमित मालवीय ने लिखा, “ममता बनर्जी के शासन में पश्चिम बंगाल अंधेरे में डूबता जा रहा है। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद नाम की एक मस्जिद के शिलान्यास समारोह में टीएमसी के वोट-बैंक ने खुलेआम धमकी दी कि अगर कोई हमें बाबरी मस्जिद बनाने से रोकेगा, तो हम उसका सिर काटकर उसके साथ फुटबॉल खेलेंगे।”
मालवीय ने मुख्यमंत्री पर कट्टरपंथ को इजाजत देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हां, आपने सही पढ़ा। ममता के बंगाल में दिनदहाड़े हिंदुओं का सिर कलम करने की खुली धमकी दी जा रही है। यह सिर्फ अराजकता नहीं है, यह सरकार द्वारा प्रायोजित कट्टरता है। जहां हिंदुओं को सिर्फ बोलने पर सिर कलम करने की धमकी दी जाती है। मस्जिद का नाम बाबरी रखना लोगों को भड़काना और उन्हें बेइज्जत करना है। पश्चिम बंगाल को सिस्टमैटिक तरीके से एक इस्लामिक स्टेट में बदला जा रहा है।
https://twitter.com/amitmalviya/status/1997291433313919478?s=46
उन्होंने यह भी लिखा कि हिंदू बंगालियों के साथ सेकंड-क्लास नागरिकों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो 2026 तक बहुत देर हो जाएगी। ममता बनर्जी और उनके अल्पसंख्यकों को खुश करने की राजनीति को पूरी तरह से, पक्के तौर पर और किसी भी कीमत पर हराना जरूरी है। बंगाल बचाओ। बंगाल में सनातन धर्म बचाओ।
वहीं, स्थानीय लोग वीडियो में धमकी दे रहे आदमी के खिलाफ राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने ओवैसी से गठबंधन की घोषणा की
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने घोषणा की कि वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कबीर ने कहा कि वह एआईएमआईएम के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी के निजी सहायक के संपर्क में हैं। वहीं एआईएमआईएम ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। दरअसल, हुमायूं कबीर ने बीते दिनों मस्जिद की नींव रखने के बाद कहा था कि वह 22 दिसंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करेंगे। हालांकि पहले कबीर ने 17 दिसंबर को तृणमूल विधायक पद से इस्तीफा देने की बात कही थी, लेकिन रविवार (7 दिसंबर) को उन्होंने अपना रुख बदल लिया।

















