सर्दियां आते ही कई लोगों के जोड़ों का दर्द बढ़ने लगता है। खासकर घुटने, कमर, कंधे और हाथ-पैरों में जकड़न महसूस होती है। ठंडी हवा, शरीर में गर्माहट की कमी और ब्लड सर्कुलेशन धीमा होने की वजह से दर्द बढ़ जाता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर आप इस दर्द से काफी हद तक राहत पा सकते हैं। आपको दवाईयों के सहारे रहने की जरूरत नहीं, बस थोड़ी सावधानी और सही देखभाल बहुत काम आती है।
सरसों के तेल की मालिश- सर्दियों में मसाज शरीर में गर्माहट लाती है और ब्लड सर्कुलेशन ठीक करती है। सरसों के तेल को हल्का गुनगुना करें। दर्द वाली जगह पर धीरे-धीरे मालिश करें। इससे सूजन कम होती है और जकड़न में आराम मिलता है। चाहें तो तेल में थोड़ा लहसुन या अजवाइन डालकर गर्म करें, यह और भी असरदार होता है।
दिन में दो बार हल्की धूप लें- धूप विटामिन D देती है, जो हड्डियों के लिए जरूरी है। सुबह 10–20 मिनट धूप में बैठें। कोशिश करें कि हाथ-पैर धूप में रहें। धूप से शरीर का तापमान बढ़ता है और दर्द कम महसूस होता है।
गर्म पानी की सिंकाई- गर्म सिंकाई सर्दियों में जोड़ों के दर्द के लिए सबसे आसान उपाय है। गर्म पानी की बोतल या हीटिंग पैड से 10–15 मिनट सिंकाई करें। इससे जकड़न खुलती है और दर्द में तुरंत राहत मिलती है। याद रखें कि बहुत ज्यादा गर्म न करें, बस हल्की गर्माहट ही काफी है।
हल्दी वाला दूध- हल्दी में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं जो दर्द और सूजन दोनों कम करते हैं। रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर पिएं। यह रोजाना पीने से शरीर भीतर से मजबूत बनता है।
हल्की स्ट्रेचिंग और चलना- सर्दियों में लोग कम चलना-फिरना शुरू कर देते हैं, जिससे जोड़ों में अकड़न और बढ़ जाती है। रोज 15-20 मिनट हल्की वॉक करें। सरल स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें। नियमित मूवमेंट से जोड़ों में लचीलापन बना रहता है और दर्द कम होता है।
आहार पर ध्यान दें- जोड़ों के दर्द में कुछ चीजें बहुत मदद करती हैं- तिल, गुड़, बादाम, मूंगफली, मौसमी सब्जियाँ जैसे मैथी, पालक, गाजर, गर्म सूप, दालें और मिलेट्स (बाजरा, ज्वार) सर्दियों में इन चीजों से शरीर में प्राकृतिक गर्मी रहती है।













