Aadhaar Card Update: आधार कार्ड में बड़ा बदलाव हो सकता है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) एक नए तरह का आधार कार्ड लाने पर विचार कर रहा है। इस आधार कार्ड में सिर्फ तस्वीर और QR कोड होगा। UIDAI का भी मानना है कि आधार कार्ड पर अधिक जानकारी छापने से उसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इसलिए नये तरह का आधार कार्ड लाने पर विचार हो रहा है।
ऑफलाइन वेरिफिकेशन न हो इसलिए बदल रहा आधार नियम…
आधार कार्ड हमारी पहचान का एक अहम दस्तावेज बन गया है। हम जहां भी जाते हैं सबसे पहले अपना आधार कार्ड ही जमा कराते हैं। उसमें हमारी सारी जानकारी होती है। लेकिन अब यह जानकारी कम हो सकती है ताकि इस जानकारी का गलत इस्तेमाल न हो।

UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार का कहना है कि दिसंबर में नया नियम लाने पर विचार चल रहा है। इसका मकसद है कि होटल, इवेंट आयोजक जैसी संस्थाएं ऑफलाइन वेरिफिकेशन न करें और लोगों की प्राइवेसी सुरक्षित रहे। उन्होंने यह बात एक ऑनलाइन सम्मेलन में कही है। आधार अधिनियम के मुताबिक किसी भी व्यक्ति का आधार नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी ऑफलाइन वेरिफिकेशन के लिए इकट्ठा, उपयोग या स्टोर नहीं की जा सकती।
फिर भी हर जगह आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करानी होती है। अब इसे रोकने की कोशिश की जा रही है। अगर नया नियम लागू होता है तो आधार कार्ड का इस्तेमाल और सुरक्षित हो जाएगा व लोगों की प्राइवेसी भी बची रहेगी।













