अगर आप प्लॉट, फ्लैट या तैयार घर खरीदने का सोच रहे हैं लेकिन पैसों की कमी की वजह से रुक गए हैं, तो अब आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब आपको न तो बैंक से लोन लेने की जरूरत है और न ही किसी से उधार मांगने की। ईपीएफओ (EPFO) ने अपने सदस्यों को यह सुविधा दी है कि वे अपने ईपीएफ खाते से एडवांस राशि निकालकर घर या प्लॉट खरीद सकते हैं। ईपीएफओ (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) ने खुद यह जानकारी साझा की है और कहा है कि सदस्य अब आसान और सुरक्षित तरीके से अपने पीएफ खाते से एडवांस ले सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी रखी गई हैं, जिनका पालन करना होगा।
कौन ले सकता है ईपीएफ एडवांस- ईपीएफओ के दिल्ली मुख्यालय के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 आलोक यादव के अनुसार, कोई भी सदस्य जो ईपीएफ में कम से कम 5 साल से जुड़ा है, वह इस योजना का लाभ उठा सकता है। साथ ही आपके ईपीएफ खाते में कम से कम ₹1000 का कर्मचारी अंशदान शेष (Employee Contribution Balance) होना चाहिए। इसके अलावा, जो प्लॉट या मकान खरीदा जा रहा है, वह सदस्य के नाम या उसके जीवनसाथी के नाम, या दोनों के संयुक्त नाम पर होना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- PF का पैसा निकालने से पहले जरूर जान लें ये नियम, वरना हो सकती है बड़ी गलती!
कितनी राशि निकाली जा सकती है- ईपीएफ से मिलने वाली एडवांस राशि आपकी सैलरी और खाते में जमा रकम पर निर्भर करती है। अब एडवांस निकालने की प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है। आप इसे उमंग ऐप (Umang App) या ईपीएफओ पोर्टल से ऑनलाइन कर सकते हैं। नीचे उमंग ऐप से प्रक्रिया बताई गई है-
उमंग ऐप खोलें। सर्च बार में EPFO टाइप करें। “Raise Claim” पर टैप करें। अपना UAN नंबर दर्ज करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, उसे भरें। अपना बैंक अकाउंट नंबर डालें, जो आपके UAN से जुड़ा हुआ है। अगर आपके UAN पर एक से ज्यादा मेंबर आईडी हैं, तो वह चुनें जिससे आप निकासी करना चाहते हैं। अब मांगी गई जानकारी जैसे पता आदि भरें। क्लेम के प्रकार (Claim Type) में Form-31 चुनें। Purpose (उद्देश्य) में वह विकल्प चुनें, जैसे प्लॉट खरीदना, घर बनाना या फ्लैट खरीदना। एडवांस अमाउंट (निकालने की राशि) भरें। Declaration Box पर टिक करें।फिर OTP दर्ज करें और सबमिट करें। बस आपका आवेदन पूरा हो गया। कुछ ही दिनों में रकम सीधे आपके बैंक खाते में जमा हो जाएगी। इस प्रक्रिया में आपको कोई डॉक्यूमेंट, पासबुक या चेकबुक की कॉपी जमा नहीं करनी होती। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन और सुरक्षित है। आप चाहें तो उमंग ऐप की जगह EPFO की वेबसाइट या पोर्टल से भी आवेदन कर सकते हैं। ईपीएफओ ने सभी सदस्यों को सलाह दी है कि वे अपने भविष्य निधि (PF) से पैसा सिर्फ बहुत जरूरी होने पर ही निकालें। क्योंकि यह पैसा आपके बुढ़ापे की बचत है और रिटायरमेंट के समय आपका सहारा बनता है। अगर आप इसे अभी निकाल लेते हैं, तो आगे चलकर आपकी रिटायरमेंट सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इसलिए, अगर आपके पास कोई और विकल्प नहीं है और घर या फ्लैट खरीदना वास्तव में जरूरी है, तभी एडवांस का इस्तेमाल करें।














