पंजाब के अमृतसर से बिहार सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12204 में अचानक आग लग गई। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास, ठीक आधा किलोमीटर दूर अंबाला की तरफ, शनिवार सुबह (18 अक्टूबर 2025) करीब 9 बजे ये हादसा हुआ। एक कोच से धुआं निकलते ही ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। लेकिन आग ने रफ्तार पकड़ ली और तीन जनरल कोचों को अपनी चपेट में ले लिया। वो कोच जलकर राख हो गए।
घटना कैसे घटी, क्या कहती है जांच?
ट्रेन सरहिंद स्टेशन से गुजर रही थी, तभी एक कोच में धुआं दिखा। रेलवे स्टाफ ने फौरन ट्रेन रोकी, लेकिन तब तक आग तीनों जनरल कोचों तक फैल चुकी थी। अभी तक आग का सटीक कारण पता नहीं चला है। रेलवे मिनिस्ट्री ने बताया कि जांच चल रही है। फोटोज में देखा जा सकता है कि ट्रेन का कोच काले धुएं के गुबार में कोच लपटा हुआ है। लेकिन अच्छी बात ये रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ट्रेन पर सैकड़ों यात्री थे, लेकिन सबको समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
सतर्कता से बची यात्रियों की जान
सुबह की नींद में अचानक धुआं-आग का शोर। यात्री घबरा गए, लेकिन रेलवे स्टाफ से तुरंत एक्शन लिया। लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोका, दरवाजे खोले और सबको सुरक्षित उतारा। कोई चोट या हताहत नहीं। एक यात्री ने बताया, “धुआं फैलते ही चीखें गूंजीं, लेकिन स्टाफ ने हाथ पकड़कर सबको बाहर खींचा।” GRP सरहिंद के SHO रतन लाल ने कहा, “धुआं दिखते ही एक्शन लिया, तीन कोच डैमेज हो गए, लेकिन जानें बच गईं।” आग बुझाने में भी टीम ने देर नहीं की।
प्रशासन की फटाफट कार्रवाई
जैसे ही खबर लगी, लोकल GRP और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को काबू करने के लिए पानी की बौछारें चलाई गईं। रेल मंत्रालय ने बयान जारी कर पुष्टि की कि कोई हादसा नहीं हुआ, आग बुझा दी गई। सरहिंद GRP ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों से रवाना करने की कोशिश हो रही है। फतेहगढ़ साहिब से रिपोर्टर दीपक सूद ने बताया कि सीन डरावना था, लेकिन सबकी जान बची तो राहत।











