उत्तराखंड राज्य के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्रीय सहायता के रूप में बुधवार को ₹ 350.00 करोड़ की पहली किस्त मंजूर की गई है।
कुल स्वीकृत राशि और किस्त का विवरण
आधिकारिक आदेश के अनुसार, इसमें ₹342 करोड़ कार्यक्रम फंड और ₹ 8 करोड़ प्रशासनिक फंड के अंतर्गत आवंटित किये गए हैं।
अब तक प्राप्त राशि और शेष भुगतान
इस योजना के लिए केंद्रीय सहायता के अंतर्गत कुल ₹ 702.63 करोड़ मंजूर किए गए थे। ताज़ा किस्त जारी होने के बाद उत्तराखंड को अब तक करीब 640 करोड़ रुपए मिल चुके हैं, जबकि 62.76 करोड़ रुपए अभी जारी किये जाने शेष हैं।
केंद्र सरकार के निर्देश
केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि निधियों का शीघ्र उपयोग किया जाए और वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी सिंगल नोडल एजेंसी (एसएनए) खातों को बंद कर शेष राशि वापस की जाए।
ग्रामीण सड़कों से होगा विकास
केंद्र द्वारा जारी इस राशि से उत्तराखंड में ग्रामीण सड़कों का जाल मजबूत होगा, जिससे दूरदराज़ इलाकों के लोगों को स्कूल, अस्पताल और बाज़ार तक बेहतर पहुँच मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री धामी का आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि केंद्रीय सहायता से राज्य की सुदूर क्षेत्रों से ग्रामीण सड़के, मुख्य सड़कों के साथ जब जुड़ेंगी तो विकास की नई गाथा लिखेंगी।
कोटद्वार-नजीबाबाद सड़क स्वीकृति
श्री धामी ने कोटद्वार नजीबाबाद सड़क के टू लाइन में परिवर्तित किए जाने की स्वीकृति दिए जाने पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया है।

















