हल्द्वानी । उत्तराखंड पुलिस ने हल्द्वानी स्थित एक सेंटर में छापा मार कर भर्ती परीक्षा में नकल कराने आए एक गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त कारवाई की एसएसपी प्रह्लाद मीणा ने जानकारी दी।
छापेमारी कैसे हुई
एसएसपी ने बताया कि एक इनपुट के आधार पर प्रकाश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी व श्री नितिन लोहनी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा राजेश कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा हल्द्वानी के टीपीनगर क्षेत्र में स्थित होटल जलविक के कमरा न० 103 से 09 अभियुक्तों को नकल के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया गया।
दर्ज हुआ मुकदमा
अभियुक्तगणो के विरुद्ध थाना हल्द्वानी पर एफआईआर न० 270/2025 अन्तर्गत धारा-318(4), 319 (2), 3(5) बीएनएस एवं धारा-66(D) आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया है।
गिरोह की नकल कराने की साजिश
एसएसपी मीणा ने विस्तार से बताया कि पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि अभियुक्तों ने प्लान बनाया था कि हम लोग मिलकर कम्यूटर लाईब्रेरी किसी से लीज पर ले लेते हैं और मौका देखकर उसमें आयोजित होने वाली भिन्न-भिन्न ऑनलाईन परीक्षा के दौरान प्रतियोगी बच्चों से 04-04 लाख रुपये में भर्ती कराने का लालच देकर अपनी लाईब्रेरी में एक कम्प्यूटर या लैपटॉप अपनी टीम के आईटी वाले लड़के से परीक्षा के दौरान कनेक्ट करवाकर कुछ सॉल्वर लड़के बैठाकर एनीडेस्क व एमी एडमिन रिमोट डेस्कटॉप ऐप के माध्यम से नकल करवाकर उन लड़को को पास करवा देंगे।
इसी योजना के अनुसार अभियुक्त परविन्दर और सुनील ने दिसम्बर 2024 में हल्द्वानी मानपुर पश्चिम में स्थित ज्ञानकोश डिजिटल लाईब्रेरी दीपक कन्नौजी निवासी देहरादून से लीज पर ली थी जिसका एग्रीमेन्ट उन्होंने देहरादून से कराया था।
एसएससी परीक्षा में नकल कराने की योजना
अभियुक्तों द्वारा 06 अगस्त 2025 से आयोजित होने वाली एसएससी की परीक्षा में अभ्यर्थियों को नकल कराकर पैसा कमाने की योजना बनाई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि गिरोह का मुखिया सुनील कुमार और परविंदर के खिलाफ पूर्व में भी यूपी में नकल संबंधी मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
इस गिरोह में कुल नौ युवक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी— सुनील कुमार, परविंदर कुमार, रमाकांत शर्मा, अभिषेक कुमार, विशाल गिरी, आफताब खान, अरुण कुमार, शिव सिंह, जसवीर सिंह।
बरामद सामान :
- 2 लैपटॉप (Lenovo Thinkpad Ryzen Pro T495 और HP Ryzen3)
- 1 चार्जर
- 1 वाईफाई डोंगल
- 11 मोबाइल फोन
आपराधिक इतिहास
1. सुनील कुमार — कोतवाली मुजफ्फरनगर उ०प्र० में मुकदमा संख्या 370/19 धारा-419/420/467/468/471 भादवि एवं मुकदमा संख्या 78/24 धारा-420/467/468/471/120बी भादवि।
2. परविन्दर और जसवीर — थाना सिविल लाइन्स मेरठ में मुकदमा संख्या 570/19 धारा-419/420/457/468/471 भादवि।

















