हरिद्वार : रुड़की की भगवानपुर तहसील के बुग्गावाला थाना क्षेत्र के लालवाला खालसा गांव में वन्यजीवों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने खुर्शीद पुत्र शरीफ अहमद के घर से राष्ट्रीय पक्षी मोर का कच्चा मांस और चीतल का पका हुआ मांस बरामद किया है। खुर्शीद के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वन विभाग के उपप्रभागीय वन अधिकारी सुनील बलूनी को जानकारी मिली थी कि लालवाला खालसा गांव में कुछ लोगों ने वन्यजीवों का अवैध तरीके से शिकार किया है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने खुर्शीद के घर पर छापा मारा। जहां से टीम ने मोर का कच्चा मांस और चीतल का पका हुआ मांस बरामद किया। खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

















