उत्तराखंड के हरिद्वार से दुखद खबर आ रही है, जहां भगदड़ मच गई, जिसकी चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई है। कई और लोग घायल बताए जा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
मामला कुछ यूं है कि कांवड़ यात्रा के बीच रविवार को हरिद्वार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी। उसी दौरान अचानक से एक बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिसके बाद लोगों में अफरातफरी मच गई और इसी के कारण भगदड़ मची और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बहरहाल, राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भगदड़ इतनी तेज थी कि कई लोग खुद को संभाल नहीं पाए। इसी दौरान दो श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हुई। कुल छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, वहीं कई घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमें पहुंचीं। पुलिस ने फौरन मंदिर परिसर को खाली कराया और भीड़ को काबू में किया। घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। राहत-बचाव कार्य करीब दो घंटे तक चला।
बिजली का झटका लगने की अफवाह के कारण भगदड़
इस घटना को लेकर एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने कहा, “हमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। लगभग 35 लोगों को अस्पताल लाया गया और 6 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बाकी का इलाज चल रहा है… प्रथम दृष्टया, मंदिर मार्ग से 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर बिजली का झटका लगने की अफवाह के कारण भगदड़ मची। हम आगे की जांच कर रहे हैं।”
#WATCH उत्तराखंड: हरिद्वार में मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत पर SSP प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा, "हमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। लगभग 35 लोगों को अस्पताल लाया गया और 6 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बाकी का इलाज चल रहा है… प्रथम… pic.twitter.com/rOA0P6Aimt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 27, 2025
CM ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा शुरू कर दी गई है।

















