पंजाब में जंगलराज की आहट सुनाई दे रही है। शुक्रवार को मोगा के कोट इसेखां में एक डाक्टर को गोलियों से भूनने के बाद आज गुण्डातत्वों ने गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारे के भाई को गोलियों से छलनी कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दविंदर बंबीहा गैंग ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर के मेहता के गांव चन्नन के में एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी जगरूप सिंह रूपा का भाई बताया जा रहा है। जुगराज सिंह उर्फ तोता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का भी साथी बताया जा रहा है। हत्या की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग ने ली है।
मेहता के गांव चन्नन के शनिवार दोपहर तीन बजे बाइक पर आए तीन आरोपियों ने 28 वर्षीय जुगराज सिंह पर गोलियां बरसाई। वारदात को गुरुद्वारे के सामने अंजाम दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहता की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे रंजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, सभी पहलुओं से जांच जारी है।
जो भौंक रहे हैं, वो भी तैयार रहें
हत्या के तुरंत बाद इसकी जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग की ओर से ली गई। बंबीहा गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली गई। इसमें लिखा कि इस हत्या की जिम्मेदारी डोनी बल, मोहम्मद रंधावा और कौशल चौधरी लेते हैं। आगे लिखा कि मृतक जुगराज सिंह गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के लिए काम कर रहा था। इन लोगों ने मिलकर उनके साथियों की हत्या की थी जिसका बदला लिया जा रहा है। जग्गू का साथ देने वाले अन्य लोग भी अपने अंजाम के लिए तैयार रहे।
वर्ष 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या
29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा जिले में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में गैंगस्टर लॉरेंस का नाम आया था। मूसेवाला की हत्या में शामिल शूटर जगरूप रूपा को जुलाई 2022 में अमृतसर के गुलालीपुर गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारा दिया गया था। राज्य में बढ़ रही गैंगवार ने लोगों के मनों में भय पैदा कर दिया है।

















