|
पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित लाल शहबाज कलंदर दरगाह में 17 फरवरी को हुए बम विस्फोट में 80 से भी अधिक लोग मारे गए। यह दरगाह शिया मुसलमानों की आस्था का केंद्र है। पाकिस्तान में एक हफ्ते के अंदर यह पांचवां विस्फोट है। माना जा रहा है कि इस विस्फोट के पीछे आईएसआईएस का हाथ है। दो-तीन दिन पहले लाहौर में भी बम विस्फोट हुआ था। उसमें अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मारे गए थे। इन बम विस्फोटों से पाकिस्तान के लोगों में सरकार के प्रति गुस्सा दिख रहा है।
8.5 प्रतिशत
ह्रदय की धमनियों में लगने वाले स्टेंट के दामों में 8.5 प्रतिशत की कमी आई है। ऐसा केंद्र सरकार की पहल से संभव हुआ है। नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (एनपीए) ने बेयर मेटल स्टेंट की कीमत 7,260 रुपए और ड्रग इल्यूटिंग एवं बायोडिग्रेडेबल स्टेंट के दाम 29,600 रुपए तय कर दिए हैं। अभी तक ये स्टेंट 25 हजार से लेकर 1.98 लाख रुपये में मिल रहे थे।
पुरस्कार
भारतीय तबला वादक संदीप दास और यो यो मा की जोड़ी को प्रतिष्ठित अतंरराष्ट्रीय पुरस्कार ग्रैमी अवार्ड से नवाजा गया है। यह पुरस्कार विश्व संगीत श्रेणी में -सिंग मी होम के लिए मिला है। संदीप इसके पहले भी 2005 तथा 2009 में ग्रैमी के लिए नामित हुए थे।पुरस्कार लेने के बाद दास ने कहा कि ''मैं जो हूं, जहां से आता हूं (सांस्कृतिक या संगीत पृष्ठभूमि) उस पर मुझे गर्व है। मैं आशा करता हूं कि मेरे अपने देश में संगीत को और अधिक बढ़ावा मिलेगा, संगीत हमारे खून में है।''
साइबर गुटरगूं
सिर्फ इसरो की सफलता पर ही गर्व की अनुभूति नहीं हो रही है, बल्कि इस बात पर भी हो रही है कि इस अद्भूत सफलता में तमाम महिला वैज्ञानिकों का भी अहम योगदान रहा।
—शेखर कपूर, फिल्म निर्माता
''''
गौ आधारित कुदरती खेती से ही इंसान और किसान बच पायेगा। जहरीली खेती तो रोग तथा दरिद्रता का कारण है।
—स्वामी रामदेव, योग गुरु
''''
उप्र को अपने गंुडाराज से सताने वाली सपा और दशकों तक देश को लुटनेवाली कांग्रेस आज भाजपा से हार के डर से हाथ में हाथ डालकर वोट मांग रही हैं।
—अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष
आमने-सामने
सचाई यह है कि तमाम नियम-कानूनों, नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के बावजूद बंधुआ मजदूरी को दूर करने की दिशा में अब तक असली ठोस काम नहीं हुआ है, जबकि यह मानवाधिकार उल्लंघन का सबसे बुरा रूप है।
—न्यायमूर्ति एचएल दत्तू
अध्यक्ष,राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग
सरकार ने तो इस पर बहुत काम किया है तथा इस बुराई को खत्म करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। राजाओं तथा संतों ने भी इस कुप्रथा को समाप्त करने का प्रयास किया। लेकिन जब तक लोगों की सामंती सोच नहीं बदलती,इस बुराई का पूरी तरह समाप्त होना मुश्किल है।
—बंडारू दत्तात्रेय, केंद्रीय श्रम मंत्री
रिकार्ड तोड़ा
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सबसे कम टेस्ट मैचों (45) में 250 विकेट लेने की उपलब्धि अपने नाम की। अश्विन ने यह कारनामा बाग्ंलादेश के खिलाफ खेले जा रहे हैदराबाद टेस्ट के चौथे दिन 12 फरवरी को किया तथा ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लिली ने फरवरी, 1981 में भारत के खिलाफ मेलबोर्न में अपने 48 वें टेस्ट में यह रिकॉर्ड बनाया था और संयोग से इसे एक भारतीय ने ही तोड़ा।
खरी-खरी
वामपंथियों की सबसे बड़ी भूल यह रही कि उन्होंने इस्लामिक कट्टरता को कभी मुद्दा नहीं माना और यह मामला दक्षिणपंथ के हवाले कर दिया।
—तस्लीमा नसरीन
बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका
20 करोड़
भारत में 20 करोड़ लोग धूम्रपान के अलावा अन्य तरह के तंबाकू उत्पादों का उपयोग करते हैं। इनमें 35 प्रतिशत संख्या युवाओं की है। ये युवा किसी न किसी तरह के तंबाकू उत्पाद का उपयोग करते हैं। इसका खुलासा स्वास्थ्य मंत्रालय और सलाम बॉम्बे फाउंडेशन के हालिया अध्ययन से हुआ है।
सम्मान
दिल्ली में हिंदी भवन के संस्थापक पं. गोपाल प्रसाद व्यास के जन्मदिन पर दिया जाने वाला व्यंग्यश्री सम्मान वर्ष 2017 के लिए चर्चित व्यंग्यकार आलोक पुराणिक को दिया गया। इस सम्मान के अंतर्गत उन्हें एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए, वाग्देवी की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल और शॉल भेंट किया गया।











