2026 में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ भी इन दिनों अपनी कमाई को लेकर सुर्खियों में है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का कलेक्शन 54 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। ऐसे में इसकी तुलना अब 1975 की ब्लॉकबस्टर ‘शोले’ से की जा रही है।
‘हनुमान अंश’ को करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा से प्रेरित बताई जा रही है। हालांकि रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार काफी धीमी रही। पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया। शुरुआती दो सप्ताह में भी कमाई बहुत ज्यादा नहीं रही, लेकिन तीसरे और चौथे सप्ताह में फिल्म की कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चौथे रविवार को फिल्म ने कथित तौर पर 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार चर्चा में बनी हुई है और अब इसका कलेक्शन 54 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। अगर फिल्म के 2 करोड़ रुपये के बजट और 54 करोड़ रुपये से ज्यादा के कलेक्शन को आधार माना जाए, तो ‘हनुमान अंश’ ने अपने बजट से कई गुना ज्यादा कारोबार किया है। इसी वजह से फिल्म के मुनाफे को लेकर करीब 2435 फीसदी प्रॉफिट का दावा किया जा रहा है।
51 साल पहले ‘शोले’ ने रचा था इतिहास
‘हनुमान अंश’ की कमाई को समझने के लिए 51 साल पहले रिलीज हुई शोले का उदाहरण दिलचस्प है। 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई ‘शोले’ में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन और अमजद खान जैसे बड़े सितारे नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की और भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल हो गई। रिपोर्टेड आंकड़ों के मुताबिक, ‘शोले’ का बजट करीब 3 करोड़ रुपये था। फिल्म ने भारत में करीब 15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 35 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 50 करोड़ रुपये बताया जाता है। ‘शोले’ के 51 साल बाद ‘हनुमान अंश’ का कम बजट में बड़ी कमाई करना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों फिल्मों के बीच लंबा अंतर है। 1975 में करीब 3 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘शोले’ ने लगभग 50 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया था। वहीं 2026 में करीब 2 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘हनुमान अंश’ का कलेक्शन 54 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है।














