पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में रविवार सुबह एक बड़ी खबर आई। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। यह कार्यालय उनके घर के पास हट्टाला पाड़ा इलाके में था। पुलिस को मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला।
क्या हुआ था घटना के दिन
आशीष बनर्जी करीब 74-75 साल के थे। रविवार सुबह पार्टी ऑफिस में उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नोट में उन्होंने लिखा था कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
सुसाइड नोट में क्या लिखा था
नोट में आशीष बनर्जी ने अपनी बातें साफ-साफ रखीं। उन्होंने लिखा कि तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी (TRDA) में उनकी कोई सीधी जिम्मेदारी या अधिकार नहीं थे। वे सिर्फ बैठकों में शामिल होते थे। टेंडर कमेटी में वे नहीं थे, चेक साइन करने का अधिकार नहीं था, किसी प्लान को मंजूरी देने या NOC जारी करने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। किसी ने इन मामलों में उनसे सलाह भी नहीं ली।
इसके बावजूद उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में घसीटने और बदनाम करने की कोशिशें हुईं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने जीवन भर गलत तरीके से एक पैसा भी नहीं लिया। पेशे से शिक्षक होने के नाते उन्होंने हमेशा बिना फीस के छात्रों को पढ़ाया।
नोट में आगे उन्होंने कहा कि आज उन्हें अहसास हो रहा है कि राजनीति में आना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। उन्होंने अपने परिवार की युवा पीढ़ी को सलाह दी कि वे कभी राजनीति में न आएं और अपने-अपने पेशों पर ध्यान दें। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया कि उन्होंने पार्टी के अंदर कुछ गलत कामों का जिक्र किया, जिन्हें वे स्वीकार नहीं कर पाते थे लेकिन विरोध भी नहीं कर सके।
इसे भी पढ़ें: भारत-नेपाल सीमा पर मस्जिदों और मदरसों की अचानक वृद्धि, पाकिस्तान-तुर्की की साजिश? एजेंसियां अलर्ट
आशीष बनर्जी कौन थे
पेशे से शिक्षक रहे आशीष बनर्जी रामपुरहाट कॉलेज में पढ़ाते थे। 2001 से 2026 तक वे लगातार रामपुरहाट सीट से विधायक रहे। यानी पांच बार विधायक चुने गए। ममता बनर्जी की सरकार में वे स्कूली शिक्षा मंत्री, कृषि मंत्री और बाद में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके थे।
2026 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के ध्रुव साहा से हार गए। हार के बाद जून में उन्होंने टीएमसी के बीरभूम जिला कोर कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। बहरहाल पुलिस नोट की फोरेंसिक जांच करा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच जारी है।
















