
Weather Update: उत्तर प्रदेश के बाद दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान की दहलीज पर मानसून पहुंच चुका है। नोएडा, गाजियाबाद समेत दिल्ली- एनसीआर में बुधवार सुबह हल्की बारिश हुई है। दिल्ली- एनसीआर में अगले 4-5 दिनों के दौरान ऐसे ही बारिश का मौसम रहने की संभावना है। बिजली की चमक के साथ बादलों की गरज की भी चेतावनी जारी की गई है।दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में भी 1 जुलाई को बारिश का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई के दौरान बारिश का अलर्च जारी हुआ है। राजस्थान में 6 जुलाई तक कहीं-कहीं जगहों पर बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख व उत्तराखंड में भी बुधवार को बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में 1 से 6 जुलाई तक बारिश का मौसम बना रहेगा। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। वहीं, उत्तराखंड में भी मानसून पहुंच चुका है। यहां 2 से 6 जुलाई के दौरान बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है और 3 जुलाई के आसपास इन इलाकों में मानसून यहां और सक्रिय रहने की संभावना है। महाराष्ट्र के 2-3 जुलाई और दक्षिण गुजरात में 3 और 4 जुलाई को कहीं कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में आज आंधी तूफान का अलर्ट है। बहराइच और श्रावस्ती जैसे इलाकों में भारी बारिश हुई है। कई हिस्सों में आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के करीब 26 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।