गर्मियों का मौसम आते ही घर की रसोई में नींबू की जरूरत बढ़ जाती है। कभी शिकंजी बनानी हो, कभी सलाद में स्वाद बढ़ाना हो या फिर दाल और चाट में खट्टापन लाना हो, नींबू हर काम में इस्तेमाल होता है। लेकिन तेज गर्मी की वजह से नींबू जल्दी सूखने लगते हैं। कई बार बाहर से ठीक दिखने वाले नींबू अंदर से सूखे निकलते हैं, जिससे पैसे और सामान दोनों खराब हो जाते हैं। अगर आप भी इस परेशानी से बचना चाहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर नींबू को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं।
- अगर आप चाहते हैं कि नींबू कई दिनों तक ताजा रहें, तो एक बर्तन में साफ पानी भरकर उसमें नींबू डाल दें। फिर इस बर्तन को फ्रिज में रख दें। पानी की नमी से नींबू सूखते नहीं हैं और उनका रस भी बना रहता है। हर 2–3 दिन में पानी बदलते रहें, इससे नींबू ज्यादा समय तक खराब नहीं होंगे।
- गर्मी में खुली हवा के कारण नींबू जल्दी सूख जाते हैं। इसलिए नींबू को हमेशा प्लास्टिक बैग या एयरटाइट कंटेनर में रखें। इससे उनमें नमी बनी रहती है और वे लंबे समय तक फ्रेश रहते हैं। ध्यान रखें कि बैग में ज्यादा हवा न हो, वरना नींबू खराब भी हो सकते हैं।
- कई लोग बाजार से लाकर नींबू को रसोई के खुले हिस्से में रख देते हैं, जहां धूप और गर्मी ज्यादा होती है। इससे नींबू जल्दी सूखने लगते हैं। नींबू को ज्यादा गर्म जगह पर न रखें। उन्हें ठंडी जगह या फ्रिज में रखने से वे लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं।
- यह तरीका बहुत कम लोग जानते हैं, लेकिन काफी असरदार है। नींबू के ऊपर हल्का सा सरसों या नारियल तेल लगाकर रखने से उनकी ऊपरी सतह सूखती नहीं है। तेल एक सुरक्षा परत की तरह काम करता है और नींबू लंबे समय तक ताजा बने रहते हैं। खासकर अगर आपने ज्यादा मात्रा में नींबू खरीदे हैं, तो यह उपाय काफी काम आएगा।
- कई बार आधा नींबू इस्तेमाल होता है और बाकी बच जाता है। ऐसे में कटे हुए नींबू को खुला छोड़ देने से वह जल्दी सूख जाता है। बचा हुआ नींबू किसी छोटी प्लेट में रखकर ऊपर से कटोरी ढक दें या फिर एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखें। इससे उसका रस बना रहेगा और अगले दिन भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा।











