घर पर बना आम का चटपटा अचार स्वाद, सेहत और परंपरा तीनों का बेहतरीन मेल है। गर्मियों के मौसम में कच्चे आम आसानी से मिल जाते हैं, और यही सही समय होता है इस लाजवाब अचार को बनाने का। बाजार में मिलने वाले अचार में अक्सर प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, लेकिन घर का बना अचार पूरी तरह शुद्ध और स्वाद में कहीं बेहतर होता है।
आम का चटपटा अचार बनाने के लिए आवश्यक सामग्री- कच्चे आम- 1 किलो, नमक- 100 ग्राम (स्वादानुसार), हल्दी पाउडर- 2 बड़े चम्मच, लाल मिर्च पाउडर- 2–3 बड़े चम्मच, सौंफ (दरदरी पिसी)- 3 बड़े, चम्मच, मेथी दाना- 2 बड़े चम्मच,राई (सरसों)- 3 बड़े चम्मच, हींग- 1/2 छोटा चम्मच, सरसों का तेल- 250–300 ml।
बनाने की विधि- सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर सूखा लें। इसके बाद उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि आम में नमी बिल्कुल न हो, वरना अचार खराब हो सकता है। अब एक बड़े बर्तन में कटे हुए आम डालें और उसमें नमक व हल्दी मिलाकर 1–2 दिन के लिए ढककर रख दें। इससे आम थोड़ा नरम हो जाएगा और उसका पानी भी निकल जाएगा। अब एक कढ़ाही में मेथी दाना और राई को हल्का सा भून लें और ठंडा करके दरदरा पीस लें। इसमें सौंफ, लाल मिर्च पाउडर और हींग मिलाएं। अब सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म करें और ठंडा होने दें। इसके बाद तेल को मसाले और आम के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला लें। तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भरें। इसे 4–5 दिन तक धूप में रखें ताकि मसाले अच्छी तरह आम में समा जाएं। रोज़ एक बार साफ चम्मच से अचार को हिलाएं।
यह भी पढ़ें- घर पर 5 मिनट में बनाएं ठंडा-ठंडा खीरे का रायता
जरूरी टिप्स- अचार बनाते समय पानी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। हमेशा सूखे और साफ बर्तन का उपयोग करें। अचार निकालते समय गीला चम्मच न डालें। सरसों का तेल अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है।











