शिलांग। मेघालय में हथियारों से लैस बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ने के लिए बीएसएफ (BSF) ने भारत-बांग्लादेश सीमा को पूरी तरह सील कर दिया है। 7 अगस्त की आधी रात को 8-9 हथियारबंद लोगों के एक समूह ने रंगडांगई गांव में एक दुकानदार बालसरंग ए मराक पर हमला किया और नकदी-कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
दक्षिण-पश्चिम खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक बानरापलांग जिरवा के अनुसार, अब तक 6 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कबूलनामे के आधार पर, तीन से चार और बदमाश सीमा के अलग-अलग इलाकों में छिपे हुए हैं और बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहे हैं।
संयुक्त अभियान और बरामदगी
पुलिस और बीएसएफ ने डॉग स्क्वायड के साथ मिलकर माजेरसोरा-हाथीनाला वन क्षेत्र में छिपे घुसपैठियों को खोजने के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया है। बीएसएफ मेघालय फ्रंटियर के महानिरीक्षक ओपी उपाध्याय ने बताया कि 7 अगस्त की रात को चलाए गए एक अभियान में बांग्लादेश पुलिस का पहचान पत्र, तीन वायरलेस हैंडसेट, एक कुल्हाड़ी, कुछ विस्फोटक और भारतीय-बांग्लादेशी मुद्रा बरामद की गई थी।
सात दिन पहले हुई थी झड़प
7 अगस्त को खानजॉय और गिलगोरा इलाकों में पुलिस और बीएसएफ के साथ हुई झड़प में चार घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से एक घायल बांग्लादेशी पुलिस कांस्टेबल भी था, जिसे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है।











